आगामी चुनाव तय करेगा राज्य का भविष्य : नीतीश
मुख्यमंत्री ने सोमवार की रात अपने प्रशंसकों के लिए लिखे अपने ब्लॉग में कहा है कि चुनावी व्यस्तताओं के कारण वह लंबे समय के बाद हाजिर हुए हैं। उन्होंने प्रशंसकों को दशहारा, दीवाली और छठ पर्व की बधाई देते हुए कहा कि इन पवरें के बीच वे मतदान पर्व को मनाना न भूलें।
उन्होंने लिखा है कि उनके विचार से यह चुनाव बताएगा कि राज्य 'बिगड़ेगा या संवरेगा'। उन्होंने कहा है कि यह आप लोगों को तय करना है कि आने वाले दिनों में बिहार के विकास का हिस्सा बनें या फिर पुराने दिनों में लौटकर जातिगत राजनीति का शिकार बनें। उन्होंने कहा है कि बिहार चुनाव पर राष्ट्रीय, अतंर्राष्ट्रीय निवेशकों की नजर है। राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में निवेश और उद्योग के लिए हालात और सुदृढ़ होंगे।
उन्होंने दावा किया कि वह 2015 तक बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्पित हैं। उन्होंने ब्लॉग पर लिखा है कि वह हमेशा मानते रहे हैं कि विकास का मुद्दा अन्य मुद्दों को पीछे छोड़ देगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में कार्य संस्कृति में बदलाव आया है। लोगों में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है। हमने महिलाओं, गरीबों, अल्पसंख्यकों, महादलितों और समाज के अन्य कमजोर तबकों के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं पर काम किया है। उन्होंने लोगों को आश्वासन भी दिया है कि वह राज्य में बिजली की स्थिति बेहतर करेंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य में 243 सीटों पर छह चरणों के तहत 21 अक्टूबर से 20 नवम्बर तक चुनाव होने हैं। मतगणना 24 नवम्बर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications