गवर्नर जनरल पर नस्लीय टिप्पणी, टीवी प्रस्तोता निलम्बित
टीवीएनजेड के सोमवार को प्रसारित हुए कार्यक्रम 'ब्रेकफास्ट' शो के दौरान प्रस्तोता पॉल हेनरी ने प्रधानमंत्री जॉन की से सवाल किया था कि आनंद न्यूजीलैंड के थे अथवा नहीं। इस पर जॉन की ने उन्हें जवाब दिया था कि वह न्यूजीलैंड के निवासी थे, तब हेनरी ने कहा था कि वह अगली बार किसी ऐसे व्यक्ति का चुनाव करें जो न्यूजीलैंड के निवासी जैसा ज्यादा दिखे।
समाचार पत्र 'न्यूजीलैंड हेराल्ड' के मुताबिक टीवीएनजेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिक एलिस ने मंगलवार को एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि हेनरी की यह टिप्पणी ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं।
हेनरी ने सोमवार को अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगते हुए कहा था कि यदि उनकी किसी बात से सर आनंद सत्यानंद को दुख पहुंचा है तो वह उसके लिए माफी चाहते हैं।
कार्यक्रम के तुरंत बाद हेनरी को त्वरित रूप से बिना तनख्वाह दिए 18 अक्टूबर तक के लिए निलम्बित कर दिया गया था।
गौरतलब है कि सर आनंद दिल्ली में रविवार को शुरू हुए 19वें राष्टमंडल खेलों के शुभारंभ समारोह के सम्माननीय अतिथि थे।
रिक एलिस ने कहा, "जब सर आनंद राष्ट्रमंडल खेलों से लौटेंगे तो वह खुद व्यक्तिगत तौर पर उनसे माफी मांगेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications