'मुशर्रफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए'
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खबर-पख्तूनख्वा प्रांत की विधानसभा ने मांग की है कि न केवल संविधान का उल्लंघन करने के लिए बल्कि बलूच नेता अकबर बुग्ती की हत्या और लाल मस्जिद हत्याकांड की साजिश रचने के मामले में पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के खिलाफ मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के नेता जावेद अब्बासी ने मुशर्रफ पर लोकतंत्र के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है। जावेद ने कहा कि मुशर्रफ ने संविधान के नियमों का दो बार उल्लंघन किया है।
गौरतलब है कि बलूच नेता बुग्ती की मौत 26 अगस्त, 2006 में सुरक्षाबलों की गोलीबारी में हो गई थी। दूसरी तरफ इस्लामाबाद की लाल मस्जिद में जुलाई 2007 में लंबी जद्दोजहद के बाद कमांडो कार्रवाई की गई थी।
स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज इंटरनेशनल' ने जावेद के हवाले से लिखा है कि मुशर्रफ को इंटरपोल की मदद से पाकिस्तान लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि भविष्य में लोग संविधान का उल्लंघन न करें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications