राष्ट्रमंडल खेल : उद्घाटन समारोह की झलकियां
परेड में आस्ट्रेलिया से आगाज :
आस्ट्रेलिया राष्ट्रमंडल खेलों का पिछला मेजबान था, लिहाजा शुरूआत उसी से हुई। इसके बाद अंग्रजी वर्णमाला के अनुसार सभी 70 देशोंे ने स्टेडियम में प्रवेश किया।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल सबसे अंत में आया। इसके साथ ही पूरा स्टेडियम गुंजायमान हो गया। लोगों ने अपने चहेते खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। यही नहीं, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने भी खिलाड़ियों के लिए तालियां बजाईं। इससे साफ होता है कि भारतीय खिलाड़ियों पर अच्छा प्रदर्शन करने का कितना दबाव है।
खास लोगों का संबोधन :
सबसे पहले आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने दर्शकों को संबोधित किया। कलमाडी के पूरे संबोधन में सबसे अच्छी बात यही दिखी कि -हमारा सपना सच हो रहा है.हम शानदार मेजबान साबित हो रहे हैं। जय हिन्द।
अब बारी सीजीएफ के अध्यक्ष माइकल फेनेल की थी। फेनेल ने कलमाडी का नाम खास तौर पर जोर देकर लिया। इस पर दर्शकों ने खूब शोर मचाया। फेनेल ने यह भी कहा कि भारत बेहतरीन मेजबान साबित हो रहा है। हमें राष्ट्रमंडल खेल की भावना को जिन्दा रखना होगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने संबोधित किया। उनके पहले शब्द थे : भारत में आपका स्वागत है। इन खेलों में आपका स्वागत है। भारत के लोग इन खेलों के लिए ऐतिहासिक शहर दिल्ली में आपका स्वागत करते हैं। मैं अपने देशवासियों के माध्यम से सभी विदेशी मेहमानों का स्वागत करता हूं।
मैं चाहता हूं कि हम साथ मिलकर पूरी दुनिया को भारत में हो रहे इस आयोजन में शामिल करें। अगेल दो सप्ताह तक हम खेलों के लिहाज से महान क्षण का जश्न मनाएंगे। इसमें हमें खेल और खेल भावना का शानदार समागम देखने को मिलेगा। यही राष्टमंडल का उद्देश्य है। हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया में एकता और भाईचारा फैले।
स्टेडियम में बैटन का प्रवेश :
इसके बाद स्टेडियम में बैटन का प्रवेश होता है। 190,000 किलोमीटर की यात्रा के बाद नेहरू स्टेडियम पहुंची इस बैटन को लेकर सबसे पहले मुक्केबाज विजेन्दर नजर आए। स्टेडियम में लाने के बाद विजेन्दर ने इसे पांच बार की मुक्के बाजी चैम्पियन एमसी मैरीकाम को सौंपा। मैरीकाम ने विश्व निशानेबाजी चैम्पियन और मेलबर्न खेलों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी समरेश जंग को बैटन सौंपा। सबसे आखिर में बारी पहलवान विश्व चैम्पियन सुशील कुमार की थी। सुशील ने इस बैटन को राजकुमार चार्ल्स को सौंपा।
सुशील से बैटन लेने के बाद चार्ल्स ने दर्शको को संबोधित किया और फिर महारानी एलिजाबेथ का संदेश पढ़ा। भारतीय समयानुसार 8.50 बजे चार्ल्स ने कहा- मैं खेलों को शुरू करने की घोषणा करता हूं।
अब बारी भारतीय राष्ट्रपति की थी। राष्ट्रपति ने कहा- मैं आज सभी देशों को अपनी शुभकामनाएं देती हूं। मुझे उम्मीद है कि खिलाड़ी इसमें पूरे जोश के साथ हिस्सा लेंगे और दर्शक उनके शानदार परदर्शन पर उत्साह बढ़ाएंगे।
इसी के साथ मैं इन खेलों के शुरू होने की घोषण करती हूुं।
'लेट्स द गेम्स बिगीन.' :
राष्ट्रपति की इसी घोषणा के साथ स्टेडियम एक बार फिर आतिशबाजी से नहा उठा।
इसके बाद सेना के बैंड का प्रदर्शन हुआ। बैंड की मधुर धुनों के बीच सभी देशों का झंडा लिए स्वयंसेवक स्टेडियम में प्रवेश करते हैं।
इनके हाथों से सीजीएफ का झंडा लाया जाता है और स्टेडियम के एक कोने में स्थित स्टैंड पर लगा दिया जाता है।
सीजीएफ का झंडा लगने के बाद ओलंपिक में स्वर्ण जीत चुके निशानेबाद अभिनव बिंद्रा ने शपथ लिया। इसके बाद 'ट्री ऑफ नॉलेज' पेश किया गया। उसके बाद योग बॉडी माइंड एंड सोल, फिर भारतीय रेलवे द्वारा प्रस्तुत ग्रेट इंडियन जर्नी और फिर महात्मा गांधी पर एक खास झांकी-गांधी पेश किया गया। :
गांधी को याद करने के बाद सेलीब्रेशन की बारी आई, जिसमें अनेकों कलाकारों ने रंगारंग नृत्य पेश किया। यह कार्यक्रम बेहद मनोरम दृश्य पेश कर रहा था।
सेलीब्रेशन के बाद ए.आर. रहमान ने खेलों का गान पेश किया। गान के बाद रहमान ने अपनी फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर का गीत-जय हो पेश किया। उनकी इस पेशकश के साथ उद्घाटन समारोह का समापन हुआ लेकिन उसके बाद आसमान में आतिशबाजी का जो नजारा पेश किया गया, वह अद्वितीय था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications