राष्ट्रमंडल खेल : खेलों के आगाज का औपचारिक शंखनाद (लीड-3)
राजकुमार चार्ल्स ने खेलों के उद्घाटन की घोषणा करते हुए कहा कि दिल्ली के राष्ट्रमंडल खेल उनके लिए जीवनभर यादगार रहेंगे, क्योंकि उन्होंने इस अंतर्राष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन किया है।
चार्ल्स ने कहा, "मैं खेलों के लिए अपनी शुभकामना देता हूं, मुझे भरोसा है कि यह मेरे लिए आजीवन यादगार होगा। माननीया राष्ट्रपति, महोदय और सम्मानित अतिथियों, मैं 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन की घोषणा करता हूं।"
भारत के विश्व कुश्ती चैम्पियन सुशील कुमार के हाथों क्वींस बैटन स्वीकार करते हुए चार्ल्स ने कहा कि वह महारानी की ओर से यहां उपस्थित होकर बहुत खुश हैं।
राजकुमार चार्ल्स की घोषणा के बाद राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने कहा, "राष्ट्रमंडल खेल 2010 दिल्ली के शुरुआत की घोषणा की जाती है।"
इसके पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 19वें राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन को देशवासियों के लिए गौरव का क्षण बताया।
मनमोहन सिंह ने कहा, "भारत में आप सभी का स्वागत है! इन खेलों का स्वागत है! भारत के लोग इस ऐतिहासिक शहर में राष्ट्रमंडल खेलों को आयोजित कर प्रफुल्लित है। देशवासियों के लिए यह एक गौरव का क्षण है।"
सिंह ने कहा कि यह भागीदारी की भावना और खेलभावना है, जीतने या हारने की नहीं, और यही भावना राष्ट्रमंडल देशों को एक विशाल परिवार के रूप में एकजुट करती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये खेल देशों के बीच मित्रता की भावना बरकरार रखने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं।
सिंह ने कहा कि अगले दो सप्ताह मानव कौशल की प्रतिस्पर्धा के गवाह होंगे। भारत इस खेल आयोजन का जश्न मनाएगा।
खेलों के आयोजन में तमाम गडबड़ियों के लिए तमाम आलोचनाएं झेलने वाले, आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाडी ने कहा कि यह भारत का एक महान क्षण है और देश अब तक के सर्वोत्तम खेलों का आयोजन करेगा।
कलमाडी ने उद्घाटन समारोह में कहा, "सुरक्षा, स्वास्थ्य, बारिश, कुप्रचार और अधोसंरचना की चुनौतियों के बावजूद दिल्ली 2010 इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन है। जी हां, हमारा सपना साकार होने जा रहा है और भारत का महान क्षण यहां अंततोगत्वा उपस्थित हुआ है।"
कलमाडी ने कहा कि भारत ने सात सालों तक कड़ी मेहनत की है।
राष्ट्रमंडल खेल परिसंघ के प्रमुख, माइकल फेनेल ने भव्य आतिथ्य एवं गर्मजोशी के लिए भारतीय जनता को साधुवाद दिया। फेनेल ने कहा कि सभी टीमों के अधिकारी और खिलाड़ी इससे अभिभूत हुए हैं।
फेनेल ने कहा, "दिल्ली - तुमने अपनी पारंपरिक गर्मजोशी के साथ खिलाड़ियों और अधिकारियों का स्वागत किया है। आयोजन में हिस्सा ले रही सभी 71 टीमों के खिलाड़ी अच्छे आतिथ्य से अभिभूत हैं।"
फेनेल ने कहा, "मित्रता खेलों के जरिए निभाई जा सकती है। आने वाले दिनों में हम खिलाड़ियों के खेल के 11 शानदार दिनों को देखने जा रहे हैं। सभी खिलाड़ियों का एकमात्र अरमान अपने देश के लिए, अपने लिए और राष्ट्रमंडल के लिए कुछ बेहतर कर गुजरने का है।"
फेनेल ने खेलों के आयोजन के लिए अथक प्रयास करने हेतु आयोजन समिति को भी शुभकामनाएं दी।
खेलों के उद्घाटन की घोषणा के बाद देश के एक मात्र ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज, अभिनव बिंद्रा ने 71 देशों के 6,700 भागीदारों की ओर से खेलों के लिए शपथ ग्रहण किया।
बिंद्रा ने कहा, "हम घोषणा करते हैं कि हम सच्ची खेलभावना के साथ, उन नियमों का पालन करते हुए जिनसे वे शासित होते हैं और अपने राष्ट्रमंडल के सम्मान के लिए एवं खेल की महिमा बढ़ाने हेतु हम राष्ट्रमंडल खेल 2010 में भाग लेंगे।"
बिंद्रा ने बीजिंग में 10मीटर एयर राइफल शूटिंग में स्वर्ण पदक प्राप्त जीता था। बिंद्रा ने भारतीय दल का झंडा भी उठाया।
ज्ञात हो कि बिंद्रा दिवंगत कर्णी सिंह (1982 एशियाई खेल), विश्व चैंम्पियन पिस्तौल शूटर जशपाल राणा (1998 राष्ट्रमंडल खेल), और एथेन्स ओलंपिक में रजत पदक विजेता राज्यवर्धन सिंह के बाद चौथे भारतीय निशानेबाज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications