मुशर्रफ ने पाकिस्तान में तख्तापलट की आशंका जताई
समाचार चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक ब्रिटेन में रह रहे और पाकिस्तान आने की तैयारी कर रहे मुशर्रफ ने कहा कि पाकिस्तान के अलोकप्रिय राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को हटाने के लिए सैन्य प्रमुख अशफाक परवेज कयानी हस्तक्षेप कर सकते हैं।
लंदन में बुधवार रात को आयोजित एक बहस में मुशर्रफ ने कहा कि पाकिस्तान में सेना को संवैधानिक भूमिका सौंपी गई है जो कि आतंकवाद और कमजोर अर्थव्यवस्था के कारण प्रभावित हुई है।
इस सप्ताह कयानी, जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के बीच हुई बैठक के बारे में सवाल पूछे जाने पर मुशर्रफ ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, "आप बैठक के दौरान राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के चित्रों को देख सकते हैं। मैं आपको विश्वास दिला सकता हूं कि वह वहां मौसम पर बातचीत नहीं कर रहे थे।"
कयानी को वर्ष 2007 में अपना उत्तराधिकारी नियुक्त करने वाले मुशर्रफ ने कहा, "वे वहां सैन्य प्रमुख पर पड़ रहे सभी तरह के दबावों और गंभीर परिस्थितियों पर चर्चा कर रहे थे।"
मुशर्रफ ने कहा कि इसी तरह का दबाव उन पर अपने सैन्य प्रमुख के कार्यकाल के पहले साल में था जिसके बाद उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज शरीफ का तख्तापलट किया।
"पिछले एक साल में पाकिस्तान की अवनति हुई है और राजनेताओं सहित आम लोगों ने मुझे कहा है कि आप कुछ क्यों नहीं कर रहे। क्या पाकिस्तान की बेहतरी के लिए आप कुछ करेंगे।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के हालात तभी सुधर सकते हैं जब सेना वहां अपनी भूमिका निभाए। यदि आप स्थिरता चाहते हैं तो पाकिस्तान में लोकतांत्रिक ढ़ांचे में संतुलन लाना पड़ेगा इसमें सेना की भूमिका है।"
मुशर्रफ ने कहा कि वह अपने राजनैतिक दल ऑल पाकिस्तान मुस्लिम लीग की शुरुआत लंदन में शुक्रवार से करेंगे और यह पार्टी 2013 के अगले चुनाव में हिस्सा लेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications