राष्ट्रमंडल खेल : खेल गांव में चहल-पहल, गिल ने खुशी जाहिर की (लीड-1)

गिल ने खेल गांव का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा, "मैंने खेल गांव में लगभग दो घंटे बिताए हैं। इस दौरान मैंने 13 देशों की टीमों से बात की है। इमानदारी से कहूं तो सभी देशों ने खेल गांव को आरामदायक बताया और यहां की व्यवस्था को लेकर खुशी जाहिर की।"

"मैं भी व्यक्तिगत तौर पर संतुष्ट हूं। यहां का हालात काफी अच्छा है। इसके अलावा आयोजन स्थलों पर भी हालात सुधर गए हैं। अब किसी बात को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं।"

गिल और कलमाडी ने 63 एकड़ में फैले खेल गांव के खान-पान कक्ष में भोजन किया। तीन से 14 अक्टूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तैयार खेल गांव में 7000 खिलाड़ी और अधिकारी ठहराए जाएंगे।

उधर, विदेशी मेहमानों से खेल गांव को मिल रही तारीफ का सबसे अधिक असर इसके मेयर दलबीर सिंह के चेहरे पर दिख रहा है। लगातार हो रही बारिश और तमाम तरह की अव्यवस्थाओं ने दलबीर के चेहरे की रौनक उड़ा दी थी लेकिन अब वह बिल्कुल शांतचित्त दिख रहे हैं।

दलबीर ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "अब मैं बहुत खुश हूं। मेहमानों ने खेल गांव की खूब तारीफ की है। हमारी मेहनत रंग लाई है। अब हमें यकीन हो गया है कि हमारा प्रयास सफल रहेगा। हम बेहतरीन मेजबान साबित होंगे।"

दलबीर के मुताबिक उन्हें सबसे अधिक खुशी आस्ट्रेलियाई दल के प्रमुख स्टीव मोनेघेट्टी के बयान से हुआ है, जिसमें उन्होंने खेल गांव को विश्वस्तरीय करार दिया है। मोनेघेट्टी ने मंगलवार को कहा था कि खेल गांव की हर एक व्यवस्था बेहतरीन है।

दलबीर मानते हैं कि बाढ़ की स्थिति और साफ-सफाई की शिकायतों के कारण बीते चार-पांच दिनों में खेल गांव में कार्यरत सभी अधिकारियों की नींद उड़ गई थी लेकिन उन्होंने अपने अथक प्रयास के कारण तमाम तरह की दिक्कतों को दूर करते हुए विदेशी मेहमानों को खुश कर दिया है।

खेल गांव में अब तक लगभग 3000 खिलाड़ी पहुंच चुके हैं और रोजाना लगभग 1000 से ऊपर खिलाड़ियों के पहुंचने का क्रम जारी है। इसी क्रम में बुधवार को कई देशों के 1150 खिलाड़ी नई दिल्ली पहुंच रहे हैं। इनमें से 58 एथलीट पाकिस्तान के होंगे।

1150 में से 146 सदस्यों का दल आस्ट्रेलिया का होगा। इसमें टेबल टेनिस, एथलेटिक्स, तैराकी, टेनिस और बैडमिंटन खिलाड़ी शामिल हैं। इंग्लैंड के 97 खिलाड़ियों का दल बुधवार को पहुंच रहा है। साथ ही सिंगापुर के 75 खिलाड़ी भी खेल गांव पहुंचेंगे।

पाकिस्तानी दल में 58 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें हॉकी, स्क्वॉश, टेनिस, भारोत्तोलन, कुश्ती और मुक्केबाजी से जुड़े खिलाड़ी शामिल हैं। साथ ही जिबराल्टर, जमैका, वेल्स, जर्सी, नामीबिया, बरमुडा, कनाडा, सेंट विन्सेंट एंड द ग्रेनेडाइन्स एंड लेसोथो के अधिकारी भी बुधवार को भारत पहुंच रहे हैं।

इधर, आस्ट्रेलिया ने बुधवार को जारी एक नई सलाह में अपने नागरिकों को भारत यात्रा के दौरान आतंकी खतरे और अयोध्या मसले में फैसला आने पर साम्प्रदायिक तनाव की आशंका के चलते सतर्क रहने को कहा है।

खेलों के मद्देनजर बड़ी संख्या में आस्ट्रेलियाई खेल प्रेमियों के इन दिनों भारत पहुंचने के आसार हैं। आस्ट्रेलियाई उच्चायोग ने इसी क्रम में अपने नागरिकों के लिए यह निर्देश जारी किया है।

भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने यात्रा सलाह जारी करते हुए कहा, "भारत में आंतकवादियों द्वारा हमले की बड़ी आशंका के चलते आप सतर्क रहें। अपना पूरा ध्यान अपनी सुरक्षा पर रखें, भारत में कहीं भी किसी भी समय आतंकवादी हमले हो सकते हैं।"

आस्ट्रेलिया ने खेल गांव में पहुंचे अपने खिलाड़ियों के लिए भी सावधानी बरतने और खेलों के खत्म होने तक कहीं घूमने-फिरने से बचने का निर्देश जारी किया था। खिलाड़ियों को इससे परेशानी हो रही है लेकिन इसके बावजूद उन्होंने किसी प्रकार का असंतोष जाहिर नहीं किया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+