अयोध्या विवाद : बिहार में हाई अलर्ट
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक पी. के. ठाकुर ने बुधवार को बताया कि राज्य में पुलिस को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि पटना, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, नालंदा, भागलपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, सीवान, किशनगंज, लखीसराय, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, पूर्वी चंपारण तथा पश्चिमी चंपारण जिले को संवोदनशील घोषित किया गया है। इन जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष चौकसी रखने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पैनी नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी जगह सतर्कता बरती जा रही है।
इधर, बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य किशोर कुणाल ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि उच्च न्यायालय का फैसला जो भी आएगा वह अंतिम नहीं होगा, जो भी पक्ष असंतुष्ट होगा वह उच्चतम न्यायालय जा सकता है। उन्होंने कहा कि अयोध्या मसले को लेकर सभी पक्ष संयम बनाए रखें ताकि देश में शांति बनी रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications