खजुराहो इंवेस्टर्स मीट में होंगे 1.25 लाख करोड़ रुपये के करार
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस इंवेस्टर्स मीट में 500 देशी-विदेशी निवेशकों को आमंत्रित किया गया है। इनमें से 50 विदेशी और देश के 150 उद्योगपतियों ने इस सम्मेलन में शामिल होने की सहमति दे दी है। विदेशी उद्यमियों में जर्मनी, इटली, नीदरलैण्ड, हांगकांग, मलेशिया, ताइवान, ऑस्ट्रिया, ब्रिटेन, फिनलैण्ड के निवेशक शामिल हैं। इस सम्मेलन में केंद्र सरकार के चार मंत्री कमलनाथ, आनंद शर्मा, सुबोध कांत सहाय और श्रीकांत जैना भी शामिल होंगे।
इस सम्मेलन का आयोजन खजुराहो में दूसरी बार किया जा रहा है। पहली मीट जनवरी 2007 में हुई थी। तब 39 हजार करोड़ रुपये के करारनामों पर हस्ताक्षर हुए थे। इस बार प्रदेश का उद्योग विभाग सवा लाख करोड़ से अधिक के करारनामों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद जता रहा है। इस मीट में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सरकार की ओर से निवेशकों को दी जाने वाली सुविधाओं और रियायतों को स्पष्ट करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications