नेतन्याहू की संयम बरतने की अपील

फ़लस्तीनी नेता महमूद अब्बास ने पहले ही साफ़ कर दिया है कि अगर इस रोक को बढ़ाया नहीं जाता तो इसराइल के साथ बातचीत 'समय नष्ट" करने के लिए होगी. इसराइल का कहना है कि यहूदी बस्तियों पर लगी रोक को वार्ता से नहीं जोड़ना चाहिए जबकि अमरीका कोशिश कर रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कोई समझौता हो जाए.
इसराइली प्रधानमंत्री के कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है कि ''प्रधानमंत्री जूडिया और समारिया ( वेस्ट बैंक के यहूदी नाम) के निवासियों से और सभी राजनीतिक नेताओं से अपील करते हैं कि वैसा ही संयम बरतें जैसा उन्होंने पिछले दस महीनों में बरता है जब निर्माण कार्य रुका हुआ था."" अमरीका के दबाव में पिछले नवंबर महीने में इसराइल ने नई यहूदी बस्तियों के निर्माण पर आंशिक रोक लगाई थी.
रविवार को पेरिस में यहूदी नेताओं से बातचीत में अब्बास ने कहा कि अगर रोक को बरकरार नहीं रखा जाता तो इस महीने शुरु हुई वार्ता का कोई औचित्य नहीं है. फ़लस्तीनी अधिकारी पहले ही कह चुके हैं कि बस्तियों का निर्माण शुरु हुआ तो वो शांति वार्ता से हट जाएंगे. इस बीच इसराइली रक्षा मंत्री एहुद बराक अमरीका से वापस लौट रहे हैं. बराक शांति वार्ताओं में इसराइली पक्ष का नेतृत्व कर रहे थे.
बीबीसी संवाददाता ब्रिजेट केंडाल से बातचीत में बराक ने कहा कि वो वापस लौट कर इसराइली सरकार को ये समझाने की कोशिश करेंगे कि समझौता कितना आवश्यक है लेकिन उन्हें नहीं पता कि उन्हें सफलता मिलेगी या नहीं. उनका कहना था, '' मुझे लगता है कि रोक के बारे में दोनों पक्षों में समझौते के आसार फ़िफ्टी-फ़िफ्टी हैं. शांति की संभावनाएं भी बहतु हैं. ""
इसराइल ने वेस्ट बैंक में यहूदी बस्तियों पर दस महीने की रोक लगाई है जो अगले कुछ घंटों में ख़त्म हो रही है. अनुमान के मुताबिक वेस्ट बैंक में नेताओं ने पहले ही 2000 नए घरों के निर्माण को मंजूरी दी है और वो चाहते हैं कि इस पर काम जल्द से जल्द शुरु हो जाए.












Click it and Unblock the Notifications