वार्ता के दौरान निर्माण कार्य पर रोक जारी रहे : अब्बास (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार समाचार पत्र अल-हयात ने अब्बास के हवाले से कहा, "जब तक हमारे बीच बातचीत चल रही है, तब तक आवासीय बस्तियों के निर्माण पर पूर्व रोक की हमने मांग की है। यदि हम तीन महीने की बातचीत के बाद किसी नतीजे पर नहीं पहुंचते हैं, तो हमें बातचीत जारी रखनी चाहिए और निर्माण कार्य पर रोक भी जारी रखनी चाहिए।"
ज्ञात हो कि अधिकृत वेस्ट बैंक में इजरायल की ओर से किए जा रहे यहूदी बस्तियों का निर्माण दोनों पक्षों के बीच ताजा दौर की बातचीत में एक विवाद का बिंदु है।
निर्माण कार्य पर इजरायल का 10 महीनों के रोक की मियाद रविवार को भारतीय समयानुसार अपराह्न् 4.30 बजे पूरी हो गई।
इस बीच नेतन्याहू ने कहा कि वह निर्माण कार्य पर रोक की सीमा और नहीं बढ़ा सकते। उन्होंने फिलीस्तीन की सीधी बातचीत की एक शर्त के रूप में रोक की समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग को खारिज कर दिया है।
फिलीस्तीन ने धमकी दी है कि यदि नेतन्याहू ने निर्माण कार्य पर रोक की समय सीमा आगे नहीं बढ़ाई तो वह बातचीत की प्रक्रिया से हट जाएगा। लेकिन अब्बास ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी धमकी को नहीं दोहराया, क्योंकि अमेरिकी राजनयिकों ने वार्ता को जारी रखने का अपना प्रयास तेज कर दिया है और रोक की समय सीमा बढ़ाने के लिए इजरायल पर दबाव बनाया है।
अब्बास ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में कहा था, "हम अमेरिका की ओर से शांति के लिए चलाई जा रही राजनीतिक प्रक्रिया से जुड़े प्रयासों में पूरा सहयोग देने को प्रतिबद्ध हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications