सेंसेक्स और निफ्टी 2 प्रतिशत से ज्यादा उछले (साप्ताहिक समीक्षा)
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स इस सप्ताह 2.3 प्रतिशत बढ़कर शुक्रवार को 20,045.18 अंक के स्तर पर बंद हुआ वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 2.27 प्रतिशत बढ़कर 6,018 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
इस सप्ताह बीएसई पर एफएमसीजी (5.2 प्रतिशत), ऑटोमोबाइल्स (2.4 प्रतिशत) और हेल्थेकेयर (2.4 प्रतिशत) सूचकांकों में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई।
सेंसेक्स में हिन्दुस्तान यूनिलीवर में 11 प्रतिशत की जोरदार तेजी दर्ज की गई वहीं आईटीसी, रैनबैक्सी, आईडीएफसी, एचडीएफसी, मारुति और हीरो होंडा में भी 6.5 से 7 प्रतिशत तक की तेजी दर्ज की गई। विप्रो, टाटा पावर और टाटा स्टील में 4 से 6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
वहीं केयर्न इंडिया, आरआईएल और जेएसपीएल में इस सप्ताह 2 से 3.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।
जानकारों के मुताबिक जून 2010 के बाद से विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार खरीददारी के चलते बाजार में तेजी का रुख है। सितंबर महीने में एफआईआई ने भारतीय बाजार में 20,500 करोड़ रुपये का निवेश किया है। जून महीने के बाद से एफआईआई 59,000 करोड़ रुपये की खरीददारी कर चुके हैं।
शुक्रवार को सेंसेक्स में 184.17 अंक (0.93 प्रतिशत) और निफ्टी में 58.75 अंक (0.99 प्रतिशत) की तेजी दर्ज की गई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 20,045.18 अंक पर और निफ्टी 6,018.30 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को बीएसई का मिडकैप सूचकांक 83.92 अंक (1.04 प्रतिशत) बढ़कर 8,115.16 पर बंद हुआ और स्मॉलकैप सूचकांक 107.02 अंक (1.05 प्रतिशत) बढ़कर 10,267.33 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को बीएसई पर किसी भी सूचकांक में गिरावट दर्ज नहीं की गई। रियल्टी (2.78 प्रतिशत), एफएमसीजी (1.79 प्रतिशत) और टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुएं (1.67 प्रतिशत) सबसे ज्यादा मजबूती दर्ज करने वाले सूचकांक रहे। बैंकिंग (0.98 प्रतिशत), ऑटोमोबाइल्स (0.94 प्रतिशत) और प्रौद्योगिकी (0.94 प्रतिशत) सूचकांक भी मजबूती के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स में डीएलएफ (5.18 प्रतिशत), हिंदुस्तान यूनिलीवर (3.93 प्रतिशत), हीरो होंडा (3.85 प्रतिशत), भारती एयरटेल (3.56 प्रतिशत) और मारुति सुजुकी (1.48 प्रतिशत) शुक्रवार को सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे।
वहीं जिंदल स्टील (-1.19 प्रतिशत), स्टरलाइट इंडस्ट्रीज (-0.23 प्रतिशत), टाटा मोटर्स (-0.17 प्रतिशत), टीसीएस (-0.11 प्रतिशत) और महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा (-0.05 प्रतिशत) में शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications