राष्ट्रमंडल खेल : प्रतिनिधि संतुष्ट नहीं, शनिवार को जाएंगे खेलगांव
नई दिल्ली, 24 सितम्बर (आईएएनएस)। काफी विलंब के बाद राष्ट्रमंडल देशों के प्रतिनिधि अंतत: शनिवार को राष्ट्रमंडल खेल गांव का दौरा करेंगे। कूटनीतिज्ञों ने कहा है कि एथलीटों की आवासीय सुविधाओं से संबंधित कार्य अब भी बाकी हैं।
एक प्रमुख राष्ट्रमंडल देश के कूटनीतिज्ञ ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर कहा, "उच्चायुक्त कल खेलगांव का दौरा करने वाले हैं। इसके लिए हमने उन्हें काफी पहले कहा था।" उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि भारत के साथ रिश्ते 'बिगड़ें'।
राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाले 71 देशों के कूटनीतिज्ञों का यह पहला सामूहिक दौरा होगा। इससे पहले वे व्यक्तिगत तौर पर खेलगांव में सुविधाओं का मुआयना कर चुके हैं। फिर भी वे कार्यो से प्रभावित नहीं हुए।
कूटनीतिज्ञ ने कहा, "हम खुश नहीं हैं (स्वास्थ्य की दृष्टि से)।" उन्होंने हालांकि यह भी कहा, "हमें आवंटित की गई ठहरने की जगह उतनी बुरी नहीं है।"
शिकायत आई थी कि शौचालय गंदे हैं और बाथरूम की दीवारों पर पान के दाग हैं तथा बिस्तर की चादरों पर मजदूरों ने दाग लगा दिए हैं। कूटनीतिज्ञ ने कहा, "हमने उन्हें साफ कराने को कहा है।"
शिकायत यह भी है कि खेलगांव की बहुमंजिली इमारत के भूतल पर और आसपास मलबा पड़ा हुआ है और उसमें से 'बदबू' आ रही है।
एक एशियाई देश के कूटनीतिज्ञ ने कहा, "हमने उनसे कहा है कि पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications