राणे का पुत्र हत्या के प्रयास के मामले में वांछित
नीतीश के अलावा पुलिस नीतिन वर्धनारायण, जाहिद शेख और कुछ अन्य की तलाश कर रही है। इन पर आरोप है कि इन्होंने विखरौली पूर्व में रहने वाले शमीम जमालुद्दीन शेख उर्फ चिंटू (35) पर हमला किया।
गैर सरकारी संगठन 'स्वाभिमान संगठन' के प्रमुख नीतीश के सहयोगियों ने इस मामले में शामिल होने से इंकार करते हुए इन आरोपों गलत बताया है।
मामले की पड़ताल जारी है और खार पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। अभी तक इस मामले में किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहंी हुई है।
शेख के मुताबिक गुरुवार दोपहर वह नीतीश राणे से मिलने पश्चिम खार स्थित उनके कार्यालय गए थे, तभी अचानक नीतीश और उनके सहयोगियों ने उन्हें मारना-पीटना शुरू कर दिया।
शेख के मुताबिक जब उन्होंने भागने की कोशिश की तभी उन पर रिवॉल्वर से गोली चलाई गई जिससे वह घायल हो गये। इस घटना के बाद शेख को पोवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शेख ने गुरुवार रात को संवाददाताओं से कहा था कि वह तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक नीतीश पर मामला दर्ज नहीं होता।
गौरतलब है कि शेख महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ता रह चुके हैं और हाल ही में नीतीश के गैर सरकारी संगठन से जुड़े थे।
शेख की पत्नी सिमरन ने बताया कि राणे परिवार के साथ उनके काफी अच्छे संबंध थे और वह हर साल रक्षाबंधन पर नीतीश को राखी भी बांधती थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications