अयोध्या: सुप्रीम कोर्ट ने टाला फैसला, 28 सितंबर को अगली सुनवाई
नई दिल्ली | सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या मामले पर कल (24 सितंबर) आने वाला फैसला 4 दिनों के लिए टाल दिया है। अब इस मामले पर 28 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। अयोध्या मामले पर फैसले का इंतजार पूरा देश कर रहा था। इस मामले पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच अपना फैसला सुनाने वाली थी। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से अब प्रशासन समेत पूरा देश सांस रोक कर एक और हफ्ते तक इस फैसले का इंतजार करेगा।
सुप्रीम कोर्ट ने यह फैसला रमेश चंद्र त्रिपाठी की याचिका पर दिया है। रमेश चंद्र त्रिपाठी ने पहले अयोध्या फैसला टालने की याचिका इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दी थी। लेकिन उच्च न्यायालय की लखनऊ बेंच ने इस याचिका को खारिज करते हुए याची रमेश चंद्र पर 50,000रुपये का जुर्माना भी लगा दिया था। याची रमेश चंद्र ने उच्च न्यायलय के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट ने चुनौती दी थी। इसी याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने संज्ञान में लेते हुए मामले की सुनवाई की अगली तारीख 28 सितंबर मुकर्रर कर दी है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1992 में हुए बाबरी मस्जिद विध्वंस का मुद्दा बेहद संवेदनशील है। इस सांप्रदायिक मुद्दे को ख्याल में रखते हुए केंद्र सरकार सहित अन्य राज्य सरकारों और जिला प्रशासनों ने भी अपने-अपने यहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। बल्कि कर्नाटक और कुछ अन्य संवेदनशील राज्यों में एक साथ कई लोगों को एसएमएस और ई-मेल किये जाने वा ली सेवा पर भी रोक लगा दी है। इस के अलावा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील राज्यों में जिला स्तर पर छुट्टी कर दी गयी थी। ज्ञात हो कि याची रमेश चंद्र ने राष्ट्रमंडल खेलों तक इस फैसले को मुल्तवी किये जाने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications