हिमाचल में नदियां उफनाईं, देशी-विदेशी पर्यटक फंसे
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कई नदियां उफान पर हैं। इस बीच भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। राज्य मौसम कार्यालय के निदेशक ने बताया, "राज्य में कई जगहों पर अभी बारिश हो सकती है।"
शिमला में बुधवार से गुरुवार सुबह 8.30 बजे तक 84.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। भारी बारिश की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-21 और 22 पर यातायात बाधित हुआ है। इन राजमार्गो पर शिमला, किन्नौर, मंडी और कुल्लू जिलों में भू-स्खलन हुआ है।
किन्नौर जिले के संगला घाटी में 80 से अधिक पर्यटक फंसे हुए हैं। इनमें कई विदेशी भी हैं। जिले की उपायुक्त ममता चौधरी ने बताया, "फ्रांस के 5, जर्मनी के 11 कोलकाता के 50 और शेष पर्यटक देश के दूसरे हिस्सों के हैं।" बुधवार सुबह तक सतलुज और यमुना के निकट के इलाकों में बारिश हुई थी। उन्होंने कहा कि और बारिश हुई तो पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications