दिल्ली में यमुना खतरे के निशान से ऊपर, पानी घटना शुरू (लीड-2)
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी ने बताया, "नदी का जलस्तर अब 206.64 है जो खतरे के निशान से 1.81 मीटर ऊपर है। जलस्तर धीरे-धीरे घट रहा है, इसलिए बाढ़ की आशंका नहीं है।"
उन्होंने बताया कि बुधवार की रात यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से 2.25 मीटर ऊपर था यानी 207.08 मीटर को छू रहा था।
गुरुवार सुबह यमुना का जलस्तर 206.91 मीटर रिकॉर्ड किया गया जो खतरे के निशान 204.83 मीटर से 2.08 मीटर ऊपर था।
विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से अभी भी कुछ अंतराल पर थोड़ी मात्रा में पानी छोड़ जा रहा है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।"
उन्होंने बताया कि यमुना का जलस्तर बुधवार को 207 मीटर को पार कर गया था और जीटीबी नगर, मुखर्जीनगर, दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस, कश्मीरी गेट अंतर्राज्यीय बसअड्डे पर लगभग दो फुट तक पानी भर गया है।
दिल्ली के निचले इलाकों नया उस्मानपुर, सरिता विहार, कालिंदी कुंज, जामिया नगर और वजीराबाद में मंगलवार को पानी भर गया, जिससे लोगों को अस्थायी राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी।
गौरतलब है कि हरियाणा के हथिनिकुंड बैराज से सोमवार को 744,507 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद यमुना के जलस्तर ने 32 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications