कश्मीरी गेट बस अड्डे से अंतर्राज्यीय बस सेवा ठप्प (लीड-1)
बस सेवा बंद होने से यात्री इधर-उधर भटकने को मजबूर हुए। अधिकारयों को भी पता नहीं था कि पानी की निकासी कौन करेगा और बसों का परिचालन कब शुरू होगा।
कश्मीरी गेट टर्मिनस के अधीक्षक आशीष कुमार ने आईएएनएस को बताया, "बस अड्डा परिसर नीचे होने के कारण इसमें बारिश का पानी भर जाता है। लिहाजा बस सेवाएं रोक दी गई हैं।"
दिल्ली नगर निगम की स्थानीय पार्षद उमा शर्मा के अनुसार जब तक यमुना का जलस्तर कम नहीं होगा, तब तक कुछ नहीं किया जा सकता।
शर्मा ने कहा, "यमुना का जलस्तर घटकर जब तक 205 मीटर पर नहीं आ जाता, तब तक हम कुछ नहीं कर सकते। परिसर में भरे पानी को बाहर निकालने में केवल पम्प ही कारगर हो सकेगा। इसके लिए हमें चार से पांच दिन इंतजार करना पड़ सकता है।"
शर्मा ने कहा कि पानी की निकासी में केवल पम्पिंग मशीनों की कमी ही समस्या नहीं है, "मशीनों को चलाने के लिए हमें पेट्रोल और डीजल मुहैया नहीं कराए गए हैं। नालों की सफाई समय पर नहीं की गई और इनके रखरखाव से जुड़े विभागों ने पहले तो कुछ नहीं किया, अब एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।"
इस इलाके में तैनात दिल्ली नगर निगम के एक कार्यकारी अभियंता से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पानी निकासी की जिम्मेदारी सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की है।
जब इस विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें समस्या के बारे में पता नहीं था, लेकिन जल निकासी का इंतजाम दिल्ली नगर निगम को करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications