यूरोप में आतंकी हमले की आशंका, सुरक्षा कड़ी
समाचार एजेंसी एकेआई के मुताबिक इजरायल की खुफिया एजेंसी की वेबसाइट 'देबका' के अनुसार अल्जीरिया की आत्मघाती महिला हमलावार यूरोप और फ्रांस में किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम दे सकती हैं।
वेबसाइट के मुताबिक इस आशंका के बाद लंदन के हीथ्रो, एम्सटरडम के शिफोल, बर्लिन तथा रोम के हवाई अड्डों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इसके अलावा रेलवे के महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी हाई एलर्ट जारी किया गया है।
फ्रांस पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी फ्रेडरिक पिचनार्ड ने बुधवार को एक रेडियो पर जारी किए गए अपने संदेश में कहा, "विश्वस्त खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के मुताबिक इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि बड़ा आतंकी हमला होने का खतरा है।"
उन्होंने कहा कि अलकायदा विशेषतौर से फ्रांस को निशाना बना सकता है। अधिकारी के मुताबिक किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति की हत्या या फिर किसी भीड़-भाड़ वाली जगह पर आतंकी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।
फ्रांस की खुफिया एजेंसियों के अलावा कुछ अन्य महत्वपूर्ण एजेंसियों ने भी आगाह किया है कि अलकायदा का उत्तर अफ्रीकी संगठन ने यूरोप और विशेषतौर से फ्रांस में आत्मघाती हमला करने के लिए अल्जीरिया की कुछ महिलाओं को प्रशिक्षित किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications