बिहार में बाढ़ की स्थिति में सुधार
गोपालगंज जिले के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पिछले 12 घंटे के दौरान अत्यधिक प्रभावित इलाकों रूपनछाप, सेमरिया, सोनबरसा आदि गांवों में बाढ़ का पानी ढाई से तीन फुट तक कम हो गया है जिससे लोगों को कुछ राहत मिली है। कई गांवों के ग्रामीण अब अपने घरों की ओर लौटने लगे हैं। बरौली प्रखण्ड मुख्यालय में भी पानी कम हो रहा है।
मिर्जापुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 पर पानी कम होने से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है जबकि सड़क के मरम्मत का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है। कई क्षेत्रों में हालांकि जलस्तर घटने के बावजूद पानी अभी भरा हुआ है।
इधर, आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार राहत कार्य युद्घस्तर पर जारी है। जल संसाधन विभाग का मानना है कि गंडक नदी के जलस्तर में अगर बहुत अधिक वृद्घि नहीं हुई तो बाढ़ की स्थिति में लगातार सुधार होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज के बरौली प्रखण्ड के सेमरिया गांव के पास रविवार को गंडक नदी का बचाव बांध टूट गया था जबकि 16 सितंबर को मुख्य तटबंध टूट जाने से जिले के करीब 60 गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications