कश्मीर में गैरजिम्मेदार सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई हो : माकपा
माकपा के मुखपत्र 'पीपुल्स डेमोक्रेसी' के मुताबिक राज्य में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे से 'विश्वास बहाली के कुछ वास्तविक उपाय' सामने आए।
मुखपत्र ने कहा कि केंद्र सरकार को कम से कम सुरक्षा बलों के उन सदस्यों के विरुद्ध कार्रवाई की पहल करनी चाहिए, जिनके खिलाफ असंयम बरतने के आरोप सुरक्षा एजेंसियों द्वारा साबित किए जा चुके हैं।
मुखपत्र में कहा गया, "फिलहाल जेल में बंद सभी राजनीतिक कैदियों के मामलों की समीक्षा की जानी चाहिए तथा जिन पर कोई वास्तविक आरोप नहीं है, उन्हें रिहा किया जाना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि कश्मीर घाटी में 100 दिन से अधिक समय से चली आ रही हिंसक घटनाओं के दौरान 103 नागरिक मारे गए हैं। ये मौतें मुख्यत: पथराव करने वाली भीड़ पर सुरक्षा बलों द्वारा की गई गोलीबारी में हुई हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने 20-21 सितम्बर को जम्मू एवं कश्मीर का दौरा किया था।
पीपुल्स डेमोक्रेसी के मुताबिक श्रीनगर एवं जम्मू में सर्वदलीय टीम ने सभी तबके के लोगों तथा राजनीतिक दलों के नेताओं से मुलाकात की और लोगों तक एकता का संदेश पहुंचाया व उनके दुख-दर्द बांटे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications