हिमाचल में पोंग बांध में फिर जलस्तर बढ़ा
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि चिंता की कोई बात नहीं है, क्योंकि पोंग बांध में अगर और पानी छोड़ा जाता है, तो भी निचले इलाकों खासकर पंजाब में बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।
भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के के. सी. राणा ने आईएएनएस को फोन पर बताया, "बांध में गुरुवार सुबह पानी का बहाव सामान्य (14,500 क्यूसेक) था। लेकिन बुधवार रात पंदोह बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद यहां प्रवाह 25,000 क्यूसेक तक बढ़ सकता है।"
उन्होंने बताया कि पंदोह बांध से पानी छोड़े जाने के बाद उसे यहां तक पहुंचने में 10-12 घंटे लगते हैं।
पंदोह मोड़ बांध मंडी जिले में ब्यास नदी पर बनाया गया है। बारिश के अतिरिक्त पानी को पोंग बांध में छोड़ा गया है। अन्यथा इसे सतलुज नदी में छोड़ दिया जाता है, जो भाखड़ा बांध के गोबिंद सागर में जाता है।
पोंग बांध में मंगलवार सुबह जलस्तर 1,393.05 फुट था, जो बुधवार को 1,393.09 फुट पर पहुंच गया। बांध में 1,395 फुट तक पानी को रोका जा सकता है।
गौरतलब है कि बांध में जलस्तर 1,394.25 फुट तक पहुंच जाने पर 15 साल बाद 14 सितम्बर को पानी निकलने के अन्य रास्तों को खोला गया था और तीन दिनों तक खुले रहे। इससे 15,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
राणा ने कहा, "बांध में अभी भी अतिरिक्त पानी रोकने की क्षमता है। अगर बारिश लगतार होती रही और पंदोह बांध से और पानी छोड़ा गया तो जल निकासी के अन्य गेट को फिर से खोलने पड़ेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications