नेपाल में जाली भारतीय नोटों के साथ 7 गिरफ्तार
काठमांडू, 23 सितम्बर (आईएएनएस)। नेपाल की पुलिस ने पाकिस्तान में छपी 40 लाख रुपये मूल्य की जाली भारतीय मुद्रा के साथ यहां के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से दो भारतीयों सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
इतनी बड़ी मात्रा में जाली नोट पाकिस्तान से बुधवार को नेपाली नागरिक तेक बहादुर कारकी द्वारा काठमांडू के त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाए गये थे।
पुलिस ने कारकी को छह अन्य सहयोगियों के साथ हवाई अड्डे के बाहर उस समय गिरफ्तार किया। उसने जाली नोटों को एक सूटकेस में छुपा रखा था। गिरफ्तार किए गए छह लोगों में भारत के बिहार राज्य के मोतीहारी जिले के दो व्यक्ति मुख्तार अंसारी और इसामुद्दीन आलम शामिल थे।
इस घटना से एक महीने पहले पुलिस ने हवाईअड्डे से पाकिस्तान के एक विकलांग व्यक्ति मोहम्मद फारुख को गिरफ्तार किया था और उसके पास से 25 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए थे। फारुख ने अपने व्हील चेयर में यह राशि छुपा रखी थी।
फारुख कराची से एक अंतर्राष्ट्रीय उड़ान से काठमांडू पहुचा था। नेपाली पुलिस ने पिछले 13 महीनों के दौरान दो करोड़ रुपये मूल्य के जाली नोट बरामद किए हैं।
एक महत्वपूर्ण कामयाबी के तहत नेपाल की पुलिस ने एक पूर्व मंत्री के बेटे यूनुस अंसारी को गिरफ्तार किया था। ऐसा माना जाता है कि अंसारी के अंडरवर्ल्ड डान दाऊद इब्राहिम के साथ संबंध थे। अंसारी की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस जाली नोटों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा नहीं कर पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications