लंदन में पोप के खिलाफ हजारों ने किया प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों ने हाईड पार्क कार्नर से डाउनिंग स्ट्रीट तक मार्च किया। प्रदर्शनकारी 'पोप बच्चों का शोषण करने वाले पादरियों का बचाव करता है' और 'पोप गंदा है-अपने साथ कंडोम रखता है' जैसे नारे लिखे बैनर लिए हुए थे।
विरोध प्रदर्शन के आयोजक, पोप गठबंधन ने कहा कि 10,000 लोगों ने मार्च में हिस्सा लिया। जबकि अन्य ने प्रदर्शनकारियों की संख्या कम बताई। नेशनल सेक्युलर सोसायटी के अध्यक्ष टेरी सैंडरसन ने कहा, "पोप के दिन लद गए हैं। हम अब धर्मगुरुओं के बहकावे में नहीं आने वाले।"
इसके कुछ ही घंटे पूर्व वेस्टमिनिस्टर कैथ्रेडल में एक प्रार्थना सभा में धर्म उपदेश के दौरान पोप ने रोमन कैथोलिक चर्च में हुए बाल यौन उत्पीड़न स्कैंडल के लिए माफी मांगी और पादरियों द्वारा पीड़ित बच्चों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बहरहाल, पोप ने अपनी आधिकारिक यात्रा के तीसरे दिन शनिवार को ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और अन्य राजनेताओं से मुलाकात की, जबकि पोप के खिलाफ आतंकी साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किए गए छह लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
स्कॉटलैंड यार्ड ने कहा कि हालांकि इन लोगों पर आरोपों के संबंध में अभी तक कोई महत्वपूर्ण जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। इन छह लोगों को उत्तरी अफ्रीकी मूल का बताया गया है।
पोप के दौरे के आयोजकों ने कहा था कि पोप कैमरन को बताएंगे कि उन्होंने कैमरन के पिता इयान के लिए प्रार्थना की है। पिछले सप्ताह फ्रांस में अवकाश के दौरान 77 वर्षीय इयान की मौत हो गई थी।
वेटिकन के अदिकारियों का कहना है कि पोप कैथोलिक चर्च में यौन उत्पीड़न के शिकार हुए बच्चों से भी मुलाकात कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications