जामा मस्जिद गोलीकांड : 2 ताइवानी नागरिक घायल, आडवाणी ने की चिदम्बरम से बात (राउंडअप)
राष्ट्रमंडल खेलों के पहले राजधानी में हुए इस हमले से चकित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदम्बरम को फोन किया और खेलों की सुरक्षा पर उनसे चर्चा की।
पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने विदेशी पर्यटकों की बस को निशाना बनाते हुए कम से कम 10 राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया संदिग्ध दक्षिणी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके का निवासी है। अपराध शाखा के विशेष प्रकोष्ठ ने उसे संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है, क्योंकि हमले में इस्तेमाल की गई काले रंग की हीरो होंडा पैसन मोटरसाइकिल इसी व्यक्ति से संबंधित है।
पुलिस ने कहा कि पंजीकरण संख्या डीएल 4एस एजे 0496 वाली मोटरसाइकिल इसी व्यक्ति के नाम से पंजीकृत है।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे व्यक्ति ने गोलीबारी की। गोलीबारी के बाद हमलावर जामा मस्जिद की संकरी गलियों से होकर भाग गए।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने आईएएनएस को बताया कि यह हमला दिन में लगभग 11.30 बजे मस्जिद के गेट नंबर-3 के बाहर हुआ। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। घायलों को लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों खतरे से बाहर हैं।
घायलों के नाम को चांग और जी वी है। दोनों की उम्र 20 वर्ष के आसपास है।
एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उन्होंने चांग के पेट में लगी एक गोली को निकाल दिया है और उसे गहन चिकित्सा इकाई में स्थानांतरित कर दिया है। गृह मंत्री पी.चिदम्बरम ने बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया।
इस बीच इस मामले के प्रमुख चश्मदीद, रिक्शा चालक सलीम से जामा मस्जिद पुलिस थाने में पूछताछ की जा रही है।
सलीम ने संवाददाताओं को बताया, "मैं कुछ दूरी पर खड़ा था, तभी देखा कि दो गोरे रंग के लंबे कद के व्यक्ति एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर वहां आए। वे बस के पास पहुंचे और बस पर अंधाधुंध गोलीबारी करने लगे। उस समय पर्यटक बस में सवार हो रहे थे।"
भगत के अनुसार राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और जामा मस्जिद के चारों ओर घेरेबंदी कर दी गई है।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब राष्ट्रमंडल खेलों के लिहाज से यहां उच्चस्तरीय सुरक्षा का बंदोबस्त किया गया है। इस आयोजन में हिस्सा लेने के लिए 71 देशों के खिलाड़ी और अधिकारी आ रहे हैं।
जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने इसे आतंकवादी हमला करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस गोलीबारी का मकसद राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान विदेशी नागरिकों को दिल्ली आने से रोकना है।
बुखारी ने कहा, "हमलावरों का स्थानीय लोगों के अलावा एक पुलिसकर्मी ने भी पीछा किया लेकिन वे भाग निकलने में कामयाब रहे।"
जामा मस्जिद के मुलाजिम उमर खान ने बताया, "हम सभी ने गोलीबारी की आवाज सुनीं। एक पर्यटक के पैर में गोली लगी थी।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने इस घटना को दुखद बताया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "यह एक दुखद घटना है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।"
गोलीबारी की घटना के कुछ ही घंटों बाद वहां खड़ी एक मारुति-800 कार में आग लग गई। पुलिस ने बताया कि जामा मस्जिद के समीप पुलिस चौकी के निकट कार में आग लग गई। मारुति एक स्थानीय व्यक्ति की थी।
चश्मदीदों के मुताबिक आग ने कार को अपनी चपेट ले लिया और बाद में विस्फोट भी हुआ। जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। कार में रखे एक प्रेशर कुकर की वजह से बम होने के संदेह के चलते स्थित और तनावपूर्ण हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने आग के पीछे शार्टसर्किट को कारण बताया, जबकि अन्य ने कहा कि वे इसकी सभी पहलुओं से जांच कर रहे हैं।
कार में आग लगने के बाद इसे स्थानीय लोगों और दिल्ली अग्निशमन विभाग के दो कर्मचारियों ने बुझाया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
पुलिस के अनुसार कार को जब्त कर लिया गया है। लेकिन छानबीन में कोई संदेहास्पद चीज नहीं मिली है। पुलिस ने बताया कि इसका गोलीबारी की घटना से संबंध नहीं है।
दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने आईएएनएस को बताया कि उन्होंने चिदम्बरम को फोन किया और रविवार के गोलीकांड के संदर्भ में राष्ट्रमंडल खेलों के पूर्व संभावित आतंकी खतरे पर उनके साथ चर्चा की।
जामा मस्जिद गोलीकांड के कुछ देर बाद प्रतिबंधित संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने बीबीसी की हिंदी सेवा को भेजे एक ई-मेल में कश्मीर में प्रदर्शनकारियों के मारे जाने का हवाले देते हुए राष्ट्रमंडल खेलों के बारे में चेतावनी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications