उप्र, उत्तराखण्ड, बिहार में बारिश से हालात बिगड़े (राउंडअप)

नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड में भारी बारिश और नदियों के तटबंध टूटने से कई इलाकों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं। उत्तर प्रदेश में रामगंगा व कोसी नदियां उफान पर होने से सात जिलों के 100 से ज्यादा गांवों में बाढ़ का पानी भर गया। गोंडा जिले में घाघरा नदी पर बने भिखारीपुर-सिकरौर तटबंध के टूट जाने से जिले के करीब 50 गांव जलमग्न हो गए हैं।

उत्तराखण्ड में बीते चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश और बादल फटने की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 20 लोग मारे गए हैं और 15 लापता हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 120 मिलीमाटर, बिजनौर में 100 मिलीमीटर, मेरठ में 42, बदांयू में 54 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

बिजनौर के अपर जिलाधिकारी(वित्त) रेवा राम सिंह ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि लगातार बारिश व उत्तराखण्ड सीमा पर बने कालागढ़ बांध से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण रामगंगा नदी उफान पर आ गई है। नेहतौर के पास दिल्ली-हरिद्वार एनएच 24 पानी में डूबने से मार्ग बंद हो गया। अब वाहनों को काशीपुर होकर हरिद्वार भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि रामगंगा का पानी धामपुर तहसील के करीब 10 गांवों में प्रवेश कर गया है। उधर रामगंगा नदी का पानी मुरादाबाद में कोसी नदी में जाकर मिलने से कोसी भी उफना गई है, जिससे जिले के करीब 40 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

मुरादाबाद के जिलाधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि मूढ़ापांडे के पास दिल्ली-लखनऊ एनएस 24 में कोसी के पानी में डूब गया, जिससे यातायात ठप्प पड़ गया है। वाहनों को बिलारी कस्बे से रामपुर होते हुए दिल्ली भेजा जा रहा है।

मुरादाबाद और बिजनौर के अलावा रामपुर, बरेली, अमरोहा, शाहजहांपुर और फरूखाबाद में भी रामगंगा व कोसी उफना गई है, जिससे इन जिलों के निचले इलाकों के करीब 40-50 गांव जलमग्न हो गए हैं। यहां प्रशासन ने हाई अलर्ट घोषित किया है। इन जिलों में बारिश के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है।

उत्तराखण्ड स्थित बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण उफनाई घाघरा नदी पहले ही बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और सीतापुर में कहर बरपा रही है। घाघरा पिछले करीब एक महीने से लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

गोंडा जिले में घाघरा नदी पर बने भिखारीपुर-सिकरौर तटबंध के टूट जाने से जिले के करीब 50 गांव जलमग्न हो गए हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाया जा रहा है। तटबंध अब तक 300 मीटर कट चुका है।

गोंडा के अपर जिलाधिकारी (वित्त) विवेक पांडे ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि तटबंध के आस-पास के प्रभावित गावों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। तटबंध टूटने से करीब 20,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।

बीते महीने घाघरा के तेज बहाव से बाराबंकी जिले में एल्गिन-चरसारी तटबंध टूट जाने से बाराबंकी व सीमावर्ती गोंडा के करीब 50 से अधिक गांव जलमग्न हो गए थे।

प्रदेश के बाढ़ प्रभावित गोंडा, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, पीलीभीत में घाघरा, शारदा और सरयू नदी से करीब 3 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुई है। खरीफ की सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद हो चुकी है।

अधिकारियों का कहना है कि बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और लखीमपुर खीरी जिलों में बाढ़ से अब तक 20 मौतें हो चुकी हैं।

उत्तराखण्ड में बीते चार दिनों से जारी मूसलाधार बारिश की वजह से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य में बारिश और बादल फटने की अलग-अलग घटनाओं में अब तक 20 लोग मारे गए हैं और 15 लापता हैं।

हरिद्वार जिले में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। बारिश की वजह से गंगा के आसपास के लगभग 15 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के काम में जुटा हुआ है। इसमें सेना से भी मदद मांगी गई है।

उधर, अल्मोड़ा में बादल फटने की घटना के बाद शुरू किए गए बचाव एवं राहत कार्य में बारिश की वजह से बाधा आई है। यहां दिन में बारिश कुछ हद तक थमी है जिससे राहत कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। राज्य के अन्य जनपदों में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बिहार में गोपालगंज जिले के सेमरिया गांव के पास गंडक नदी पर बना बचाव बांध प्रशासन के काफी प्रयास के बावजूद रविवार तड़के टूट गया जिससे आसपास के पांच गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।

गोपालगंज के जिलाधिकारी बालामुरुगन ने रविवार को बताया, "जिले के बरौली प्रखंड के सेमरिया, रूबनछाप, सोनबरसा समेत पांच गांवों में गंडक का पानी घुस गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 28 पर पानी का दबाव बना हुआ है। प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।"

दिल्ली में रविवार सुबह से हो रही झमाझम बारिश ने शहर को तर-बतर कर दिया है। इसके चलते राजधानी के कई इलाकों में जगह-जगह पानी भर गया। मौसम विभाग ने दिन में बादल छाए रहने के साथ और बारिश की संभावना जाहिर की है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+