अफ्रीका में कारोबार बढ़ाएगा अपोलो समूह
नई दिल्ली, 19 सितम्बर (आईएएनएस)। एशिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सेवा श्रंखला अपोलो हॉस्पिटल अब स्वास्थ्य पर्यटन के तौर पर अफ्रीका में कारोबार बढ़ाने की योजना बना रही है।
भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को कार्पोरेट अंदाज में आगे बढ़ाने वाले अपोलो समूह के अध्यक्ष प्रताप सी. रेड्डी मारीशस में पिछले चार साल से अस्पताल का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावा नाइजीरिया और युगांडा में भी समूह के अस्पताल खोले जा चुके हैं।
रेड्डी ने कहा, "अफ्रीका हमारे लिए अगला बड़ा अवसर है। चीन ने समझदारी दिखाते हुए अन्य क्षेत्रों में अफ्रीका में कारोबार बढ़ाया है। सौभाग्य से इस क्षेत्र में चीन हमसे प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम नहीं है।"
उन्होंने कहा कि अफ्रीकी देशों ने हमारे समूह के साथ सहयोग में रुचि दिखाई है। समूह अफ्रीका में कम से कम दो प्रस्तावों की व्यवहार्यता का अध्ययन कर रहा है।
"मारीशस का हमारा अस्पताल अफ्रीका के लिए शो पीस की तरह है। तीन साल पहले हमने इस अस्पताल की पहली वर्षगांठ मनाई थी। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने मुझे धन्यवाद दिया था। उन्होंने कहा था कि यह अस्पताल उनके स्वास्थ्य क्षेत्र का कोहिनूर है।"
रेड्डी के मुताबिक समूह की योजना वर्ष 2013 तक अपने अस्पतालों की बेड क्षमता में 3,000 नए बेड जोड़ने की है। इस काम की लागत करीब 2,000 करोड़ रुपये रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications