हरियाणा में सिख नेता सहित 45 न्यायिक हिरासत में
कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 16 सितम्बर (आईएएनएस)। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की स्थानीय अदालत ने गिरफ्तार सिख नेता जगदीश सिंह जिंदा और अन्य 45 प्रदर्शनकरियों को गुरुवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 45 प्रदर्शनकरियों में से लगभग 20 अंबाला जिले के हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "जिंदा को सुबह ही गिरफ्तार किया गया तथा अन्य को दोपहर बाद। वे कल (बुधवार) गुरुद्वारा छठी पातशाही में जबरन घुसने का प्रयास कर रहे थे।"
उन्होंने बताया, "हमने उन्हें आज (गुरुवार) अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।"
हरियाणा में एक तदर्थ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) का नेतृत्व करने वाले जिंदा ने बुधवार को राज्य के सिख धार्मिक स्थलों का नियंत्रण पंजाब की एसजीपीसी से अपने हाथ में लेने का निर्णय लिया।
राज्य भर से आए सैकड़ों सिख बुधवार को विरोध प्रदर्शन के लिए यहां एकत्र हुए। उन्होंने अपने नेता की गिरफ्तारी के विरोध में रेल यातायात को भी बाधित कर दिया।
हरियाणा के सिख नेतृत्व ने अमृतसर की एसजीपीसी पर राज्य के गुरुद्वारों एवं सिखों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा "हरियाणा के सिख धार्मिक स्थलों की तरफ से एसजीपीसी को सालाना 10 करोड़ रुपये का राजस्व दिया जाता है, फिर भी हमारी उपेक्षा की जा रही है।"
दूसरी ओर, पंजाब में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर स्थित एसजीपीसी के मुख्यालय ने हरियाणा के सिख नेताओं की गिरफ्तारी पर संतोष जताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications