विश्व शांति की गंगा बहाती प्रदर्शनी
नई दिल्ली, 16 सितम्बर (आईएएनएस)। 'ज्योति से ज्योति जलाते चलो, प्रेम की गंगा बहाते चलो'- इस मूल मंत्र के साथ विश्व भर में शांति का संदेश फैलाने के प्रयास के तहत राजधानी में गुरुवार को एक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें महात्मा गांधी, मार्टिन लूथर किंग, मेरियन राइट, एल.लमन और मदर टेरेसा जैसी हस्तियों द्वारा दिए गए संदेशों को प्रदर्शित किया गया।
लोदी एस्टेट स्थित वर्ल्ड वाइल्ड लाइफ फंड (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) के कार्यालय के सभागार में आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार विनोद मेहता, अभिनेत्री नफीसा अली एवं मुकुल रोहतगी ने संयुक्त रूप से किया।
प्रदर्शनी में बड़े-बड़े पोस्टरों पर हिंदी एवं अंग्रेजी में महान हस्तियों के संदेश लिखे हुए थे। महात्मा गांधी का संदेश था, "शांति की शुरुआत व्यक्ति से होती है। जब हम आत्मनिरीक्षण द्वारा अपने जीवन की कमियों को दूर करते हैं तो समस्याओं को हल करते समय हिंसा नहीं होती।"
इसी तरह मार्टिन लूथर किंग का संदेश था, "चुनिंदा लोगों की हिंसा उतनी भयभीत नहीं करती, जितना असंख्यों का मौन।"
आजकल विश्व में चारों ओर आतंक का साया छाया हुआ है। प्रभुता और लालच के कारण लोग हिंसा पर उतारू हो जाते हैं। निशस्त्रीकरण पर जोड़ देने वाली इस प्रदर्शनी का उद्देश्य हिंसा के कारणों को तलाशने और उसकी जड़ों तक पहुंचने का एक बेहतर प्रयास था।
प्रदर्शनी का आयोजन भारत के स्वयंसेवी संगठनों के अलावा शिक्षा एवं संस्कृति के उन्नयन में लगे सोका, गकाई जैसे विदेशी संगठनों ने मिलकर किया।
प्रदर्शनी देखने के लिए बड़ी संख्या में बुजुर्ग, युवा, महिलाएं एवं बच्चे पहुंचे। महान हस्तियों के विचारों से अभिभूत लोगों ने अपनी डायरी में इन संदेशों को अंकित भी किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications