सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जा सकता है कश्मीर
केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री पी. चिदंबरम इस प्रतिनिधिमंडल के साथ जा सकते हैं। प्रतिनिधिमंडल हिंसाग्रस्त कश्मीर और जम्मू के क्षेत्रों का दौरा करेगा।
अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "इस दौरे के स्वरूप को अंतिम रूप अभी दिया जा रहा है। यह अभी तय नहीं है कि दौरा एक दिन का होगा या दो दिन का। उम्मीद है कि प्रतिनिधिमंडल सोमवार को रवाना होगा।"
केंद्रीय गृह मंत्रालय इस दौरे की तैयारियों में जुटा है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित सर्वदलीय बैठक में सशस्त्र सेना विशेष शक्तियां अधिनियम (एएफएसपीए) पर भी कोई निर्णय नहीं लिया जा सका था। जम्मू एवं कश्मीर की सत्ताधारी पार्टी नेशनल काफ्रेंस और विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी तथा वाम दलों ने एएफएसपीए में कटौती के पक्ष में आवाज बुलंद की थी लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खुलकर इसका विरोध किया था।
कश्मीर में पिछले 11 जून से जारी प्रदर्शनों और हिंसा में 90 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से ज्यादातर की मौत पुलिस गोलीबारी में हुई है।
सर्वदलीय बैठक में विभिन्न पार्टियों के शीर्ष नेताओं ने हिस्सा लिया था। बैठक में हिस्सा लेने वाले नेताओं में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लालकृष्ण आडवाणी व नितिन गडकरी भी शामिल थे।
बैठक में तय किया गया कि राज्य में सामान्य स्थिति बहाल किए जाने के लिए कोई भी बड़ा कदम उठाने के पहले घाटी के हालात की एक वास्तविक जानकारी होनी चाहिए और इसके लिए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल कश्मीर भेजा जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications