सुरक्षा बढ़ाकर भय का माहौल पैदा कर रही हैं मायावती : सपा
लखनऊ में गुरुवार को सपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राम गोपाल यादव ने कहा कि फैसला आने से पहले राज्य सरकार सुरक्षा बढ़ाकर जानबूझ्झकर लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर रही है।
उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से जिलों में हर तरफ सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। स्कूलों को अस्थायी जेलों में तब्दील किया जा रहा है जबकि चारों तरफ शांति है। किसी व्यक्ति या किसी राजनीतिक पार्टी की तरफ से ऐसा कोई कदम नहीं उठाया गया जिससे सुरक्षा की समस्या खड़ी होने जैसी चीज सामने आई हो।
राज्य सरकार के इस कदम को दुर्भाग्यपूर्ण ठहराते हुए यादव ने कहा कि जनता के मन में भय पैदा करना शासन का काम नहीं है।
सपा महासचिव ने कहा कि नवंबर में प्रदेश में पंयाचत चुनावों के समाप्त होने के बाद सपा मायावती सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकारी पैसे की इतनी लूट देशभर में किसी ने अब तक नहीं देखी होगी। इस लूट के चलते उत्तर प्रदेश अन्य प्रदेशों से लगातार नीचे जा रहा है।
सपा से निष्कासित नेता आजम खान की पार्टी में पुन: वापसी की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications