उमर को समर्थन के साथ समय देने की जरूरत : राहुल
तीन दिनों के पश्चिम बंगाल दौरे के आखिरी दिन राहुल ने कोलकाता में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे लगता है कि उमर चुनौतियों से जूझ रहे हैं। कश्मीर चुनौतियों से भरा राज्य है। उन्हें समय और समर्थन दिए जाने की जरूरत है।"
उमर के इस्तीफे की उठ रही मांगों के बारे में उन्होंने कहा, "उमर नेशनल कांफ्रेंस के चुने हुए नेता हैं। हम उनके साथ मिलकर गठबंधन सरकार चला रहे हैं लेकिन जहां तक मुख्यमंत्री का सवाल है, यह उनकी पार्टी को तय करना है।"
युवक कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) से युवाओं को जोड़ने की उनकी मुहिम के बारे में यह पूछे जाने पर कि क्या वे इस मुहिम को जम्मू एवं कश्मीर में भी चलाएंगे तो उन्होंने कहा, "मेरी यह मुहिम पूरे देश में चल रही है और जम्मू एवं कश्मीर भी देश का अभिन्न अंग है। निश्चित तौर पर मैं वहां भी जाऊंगा और युवाओं को राजनीति में आने के लिए प्रेरित करूंगा।"
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती द्वारा जम्मू एवं कश्मीर की वर्तमान स्थिति पर उनसे हस्तक्षेप करने की मांग के बारे में पूछे जाने पर राहुल ने कहा, "हर कोई चाहता है कि हर मुद्दे पर मैं हस्तक्षेप करूं। कोई राष्ट्रमंडल खेलों में तो कोई कश्मीर मसले पर हस्तक्षेप की मांग करता है। लेकिन मेरा रुख बड़ा स्पष्ट है। मैं एक समय में एक ही काम करना पसंद करता हूं। वर्तमान में मैं युवाओं को राजनीति से जोड़ने और एनएसयूआई और युवक कांग्रेस में लोकतांत्रिक व्यवस्था कायम करने की मुहिम में लगा हूं।"
उन्होंने कहा, "कश्मीर की समस्या अंशकालिक नहीं है बल्कि यह पूर्णकालिक है। यदि मैं इसमें शामिल होता हूं तो मुझे पूर्णकालिक तौर पर इसमें लगना होगा। मैं फिलहाल युवाओं को राजनीति से जोड़ने की मुहिम में जुटा हूं। यह बड़ा ही महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह देश की राजनीति की दिशा को बदल देगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications