गाजा में हिंसा, शांति वार्ता पर ग्रहण
जेरूसलम में बुधवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास के बीच दो घंटे से अधिक समय तक बातचीत के बाद अमेरिकी राजदूत जार्ज मिशेल ने पत्रकारों को बताया, "हमें पता है कि दोनों देशों के नेताओं के सामने गंभीर मुद्दे और चुनौतियां हैं, जो काफी संवेदनशील हैं। दोनों देश के नेताओं के बीच शुरू हुई बातचीत की यह प्रक्रिया समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक संदेश है।"
अमेरिकी राजदूत ने बताया कि दोनों पक्ष अगले सप्ताह अपनी वार्ता जारी रखने के लिए सहमत हो गए हैं। वार्ता में दोनों देश अपने शीर्ष नेताओं की अगली बैठक का समय तय करेंगे।
लेकिन इसी बीच दोनों देशों के बीच हुई झड़प ने दूसरे दौर की वार्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को फिलिस्तीन द्वारा दागे गए रॉकेट और मोर्टार के जवाब में इजरायल ने गाजा के दक्षिणी इलाके में आतंकियों के छिपने वाली सुरंग पर हवाई हमला किया। इस हमले में एक फिलिस्तीनी नागरिक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। बुधवार को गाजा के आतंकियों ने इजरायल पर कम से कम 10 हमले किए थे।
इजरायली सेना ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि सुरंग का इस्तेमाल आतंकियों को छिपाने के लिए किया जा रहा था। इजरायल सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने चेतावनी दी है कि आतंकवादी शांति वार्ता के दौरान और हमले कर सकते हैं।
उधर, अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने बुधवार से पहले इजरायली राष्ट्रपति शिमोन पेरेज से मुलाकात की थी, जिसमें उन्होंने इजरायल और फिलिस्तीन के नागरिकों से दोनों देशों के बीच होने वाली शांति वार्ता में विश्वास रखने का अनुरोध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications