गंगा नदी की कहानी बताएगा गंगा म्यूजियम
हरिद्वार के जिलाधिकारी आर. मिनाक्षी सुंदरम ने आईएएनएस को बताया कि प्रस्तावित गंगा म्यूजियम हर की पैडी के ठीक सामने चण्डी द्वीप में बनेगा। उन्होंने बताया कि जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन के तहत यह योजना मंजूरी के लिए राज्य के शहरी विकास मंत्रालय को भेजी गई है।
सुदंरम ने बताया कि प्रस्तावित योजना के तहत एक बडा म्यूजियम बनेगा। जिसमें गंगा के धार्मिक महत्वों सहित उसका ऐतिहासिक विवरण इस म्यूजियम में रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित म्यूजियम हर की पैडी के सामने दीनदयाल पार्किग स्थल से उस पार चण्डी द्वीप में स्थित होगा। यहां जाने के लिए एक पुल बनाने की भी योजना है।
उधर राज्य के शहरी विकास मंत्रालय की मानें तो सरकार ने इस योजना को मंजूरी दे दी है। हालांकि इसके मूर्त रूप लेने में अभी भी दो वर्ष का समय लगेगा।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि गंगा म्यूजियम एक अनूठा म्यूजियम होगा। जहां एक साथ बैठकर गंगा की महिमा को जाना जा सकेगा। प्रस्तावित म्यूजिमय में हजार से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला आधुनिक व वातानुकूलित थियेटर भी रहेगा। जिसमें देश दुनिया से आने वाले श्रद्धालु राष्ट्र की सांस्कृतिक धरोहर पावन गंगा की महिमा को जान सकेंगे।
इस म्यूजियम में गंगा की गंगोत्री से गंगासागर तक की यात्रा का मनोहारी वर्णन होगा। उम्मीद जताई जा रही है तीर्थ नगरी में बनने वाला यह म्यूजियम अपने आप में अनोखा होगा जिसे देख कर लोग अचरज में रह जाएंगे।
गौरतलब है कि केन्द्र सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में विकास के लिए जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण मिशन के तहत राज्यों को अलग से धन मुहैया कराया जाता है। इसी योजना के तहत हरिद्वार प्रशासन ने प्रस्तावित गंगा म्यूजियम को बनाने का निर्णय लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।












Click it and Unblock the Notifications