दिल्ली में भारी बारिश से 23 रेलगाड़ियां रद्द (लीड-2)
उत्तर रेलवे ने यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने के कारण 23 रेलगाड़ियां रद्द कर दीं तथा कम दूरी की 39 एवं लंबी दूरी की 36 रेलगाड़ियों के मार्ग में परिवर्तन किया। यहां तक कि अंत्येष्टि स्थल निगमबोध घाट पर पानी भर जाने से शवों का अंतिम संस्कार रोक दिया गया है।
मौसम विभाग ने सोमवार को और अधिक बारिश होने संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहेंगे।
रविवार को इस मौसम की सबसे अधिक बारिश हुई। इस कारण शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। कई पेड़ गिर गए, जिससे सड़क यातायात बाधित हुई। यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से लगातार ऊपर बहने के कारण कई रेलगाड़ियां भी रद्द कर दी गई हैं।
संयोगवश छुट्टी का दिन होने के कारण दफ्तर जाने वाले लोग और स्कूली बच्चे सड़कों पर कम ही निकले। इस कारण सड़कों पर वाहनों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही।
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंकी ब्रिज, मोरी गेट, मॉडल टाऊन, आजादपुर, नजफगढ, धौला कुआं, भजनपुरा, और कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के निकट पानी भर जाने से लंबा जाम लग गया।
तेज बारिश होने से कश्मीरी गेट के निकट निगमबोध घाट में पानी भर गया जिससे शवों के अंतिम संस्कार में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
निगमबोध घाट के सुपरवाइजर नरेश आहूजा ने आईएएनएस को बताया, "घाट पर पानी भर जाने से शवों का अंतिम संस्कार रोक दिया गया है। यहां पर तीन फुट तक पानी भर गया है।"
आहूजा ने बताया कि औसतन एक दिन में यहां पर लगभग 40 शवों का अंतिम संस्कार होता है लेकिन रविवार को जलभराव की वजह से केवल पांच शवों का ही अंतिम संस्कार हो सका।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिन में अभी और बारिश हो सकती है। शनिवार सुबह से लेकर रविवार 8.30 बजे तक 17.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
दिल्ली में इस सत्र में अभी तक कुल 840.8 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की जा चुकी है जो औसत से 44 फीसदी अधिक है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications