राष्ट्रमंडल खेल : आयोजन स्थलों पर पुलिस का 'संपूर्ण नियंत्रण'
नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान 'संपूर्ण सुरक्षा' मुहैया कराने को लेकर कृतसंकल्प दिल्ली पुलिस ने 3 से 14 अक्टूबर तक होने वाले इन खेलों के लिए सभी 11 आयोजन स्थलों पर अपने जवानों की तैनाती कर दी है।
इसके साथ ही आयोजन स्थलों पर 'मॉक ड्रिल' तथा सुरक्षा संबंधी अन्य कार्य शुरू कर दिए गए हैं। ऐसे में जबकि खेलों के आयोजन में 20 दिनों का समय शेष रह गया है, प्रत्येक आयोजन स्थल पर 800 से 1500 प्रशिक्षित जवानों की तैनाती की गई है।
खेलों की सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस के 80,000 से अधिक जवान तथा केंद्रीय सुरक्षा बलों की 175 कंपनियों सहित कुल 175,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता राजन भगत ने आईएएनएस को बताया, "हमने आयोजन स्थलों को अपने कब्जे में ले लिया है। सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख के लिए मॉक ड्रिल एवं अन्य प्रकार की प्रक्रियाएं जारी हैं। हम खेलों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को नहीं घटने देने को लेकर कृतसंकल्प हैं।"
भगत ने बताया कि आयोजन स्थलों पर दैनिक आधार पर सुरक्षा संबंधी जांच प्रक्रिया संपन्न होगी। उन्होंने कहा, "हम बम निरोधी दस्ते, खोजी कुत्तों के दल, प्रशिक्षित अधिकारियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद ले रहे हैं और सफल व सुरक्षित आयोजन की तैयारी कर रहे हैं।"
प्रत्येक आयोजन स्थल की जिम्मेदारी 'वेन्यू कमांडर' को दी गई है। आईपीएस रैंक का यह अधिकारी सुरक्षा संबंधी सभी मानकों की देखरेख करेगा। साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल को केंद्रीय कमांड कक्ष से जोड़ा गया है। यह कमांड कक्ष दिल्ली पुलिस के मुख्यालय में स्थापित किया गया है। साथ ही लोगों की प्रत्येक हरकतों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के 62 जवान आपात स्थिति के लिए हर वक्त तैयार रहेंगे। साथ ही अतिविशिष्ट लोगों की सुरक्षा के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) कमांडो की तैनाती की जाएगी।
आयोजन स्थलों का दो किलोमीटर का दायरा हर वक्त पुलिस की निगहबानी में होगा और इसका हवाई सर्वेक्षण भी कराया जाएगा।
दिल्ली विश्वविद्यालय में स्थित खेल परिसर के वेन्यू कमांडर और सहायक पुलिस आयुक्त सागरप्रीत हुड्डा ने आईएएनएस से कहा, "हम सर्वश्रेष्ठ स्थिति के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के लिए 1000 जवान तैनात किए जाएंगे।"
पूर्वी दिल्ली स्थित खेल गांव के प्रत्येक अपार्टमेंट में दिल्ली पुलिस के कमांडो गश्त पर लगाए जाएंगे। साथ ही निजी सुरक्षा एजेंसियों के प्रशिक्षित लोगों को भी इस काम पर लगाया जाएगा। अभ्यास स्थलों पर कमांडों को अलावा खोजी कुत्ता दल तैनात रहेगा। साथ ही पूरे इलाके को प्रकाशयुक्त रखा जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications