पूर्वोत्तर में बाढ़ से अब तब 10 मरे, हजारों बेघर
एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि भारी बारिश के कारण अरूणाचल प्रदेश के तीन जिलों में बाढ़ और भूस्खलन के कारण तबाही मची हुई है। कई पुल, झोपड़ियां और स्कूली भवन बाढ़ की पानी में बह गए हैं। फसलों की भी भारी पैमाने पर तबाही हुई है।
अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खांडू ने आईएएनएस से कहा, "भूस्खलन के कारण घरों के ढहने की घटना में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है जबकि कई इलाकों से सड़क संपर्क टूट गया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "जानमाल के नुकसान को रोकने के लिए हमने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है और आपदा के शिकार लोगों की सहायता की जा रही है।"
उधर, पड़ोसी असम के चार जिलों के 250 गांवों में बाढ़ के पानी के घुसने के कारण पिछले तीन दिनों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है जबकि तीन लाख से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं।
असम के राहत और पुनर्वास मंत्री भूमिधर बर्मन ने कहा, "स्थिति अब भी बहुत गंभीर है, यद्यपि हमने सभी चार एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है।"
काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पानी भर गया है जिस कारण कम से कम एक गेंडे के बच्चे और दो हिरणों की मौत हो गई।
उद्यान के वार्डन ने कहा कि अधिकतर जानवर पानी से बचने के लिए ऊंचे स्थानों पर चले गए हैं।
असम के मंत्री ने भी कहा कि प्रशासन को हाई अलर्ट कर दिया गया है। सरकार प्रभावित जिलों में जरूरी चीजों की आपूर्ति सुनिश्चित रखने के भी उपाय कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications