श्रीनगर में मीरवाइज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
श्रीनगर। जम्मू एवं कश्मीर में ईद की नमाज के बाद बड़े पैमाने पर हिंसक प्रदर्शनों के बाद राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर और घाटी के पांच अन्य शहरों में प्रशासन ने रविवार को अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया। अधिकारियों ने बताया कि हुर्रियत कांफ्रेंस के नरमपंथी धड़े के प्रमुख मीरवाइज उमर फारुख के खिलाफ हिंसा के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार को शहर में मीरवाइज फारुख और जम्मू कश्मीर लिबरेशन फंट्र (जेकेएलएफ) के अध्यक्ष यासीन मलिक के नेतृत्व में अलगाववादियों के जुलूस के बाद भड़की व्यापक हिंसा की वजह से कर्फ्यू लगाना जरूरी हो गया था। उन्होंने बताया, "कर्फ्यू अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा और हम स्थिति पर पैनी निगाह बनाए हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "कानून एवं व्यवस्था की स्थिति के आकलन के दौरान कर्फ्यू की समीक्षा की जाएगी।" इस बीच, शहर के सौरा में लोगों की भीड़ ने सुबह कर्फ्यू का उल्लंघन कर पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) पर भारी पथराव किया। इस घटना में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "सौरा में पथराव में एक पुलिस अधीक्षक घायल हो गए। कर्फ्यू लागू करने के लिए सुरक्षा बलों को इस पर लाठी चार्ज और आंसू गैस का सहारा लेना पड़ा।" अधिकारी ने बताया कि लोगों को 'हिंसा के लिए उकसाने' के आरोप में मीरवाइज के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज की गई है। यह पूछे जाने पर कि क्या मीरवाइज फारुख की गिरफ्तारी होगी, उन्होंने कहा कि कानून अपना काम करेगा और जो भी कदम जरूरी होगा, उठाया जाएगा।
उत्तरी कश्मीर के बारामूला और सोपोर शहरों तथा दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग, पुलवामा और बिज्बेहारा में बेमियादी कर्फ्यू लगा दिया गया है।
श्रीनगर में शनिवार को ईद की नमाज के बाद व्यापक हिंसा हुई। सैकड़ों युवकों ने आजादी के समर्थन में नारे लगाए तथा पुलिस और सरकारी इमारतों पर हमला किया।
हजरतबल में शनिवार सुबह नमाज के फौरन बाद हजारों लोगों ने मीरवाइज फारुख और मलिक की अगुवाई में शहर के लालचौक इलाके तक जुलूस निकाला। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने आगजनी की। पुलिस और अर्धसुरक्षा बल जहां एक ओर भीड़ पर गोलीबारी करने से बचते रहे, वहीं भीड़ ने आगजनी करती रही। हजरतबल में ही पुलिस की बैरकों और एक वाहन को आग लगा दी गई।
बाद में छोटे समूहों में बंटे लोगों ने राज्य बिजली बोर्ड विभाग और जम्मू एवं कश्मीर पुलिस की अपराध शाखा के कार्यालयों को आग लगा दी।
उत्तरी कश्मीर के सोपोर और कुंजेर तथा दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग और पुलवामा शहरों में थानों पर भीड़ ने हमले किए। श्रीनगर और घाटी के अन्य शहरों में प्रशासन ने लोगों को ईद की नमाज अदा करने तथा त्योहार मानने का अवसर देने के लिए कर्फ्यू या प्रतिबंध नहीं लगाए थे।
इस बीच, राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईद के दौरान हिंसा के लिए मीरवाइज फारुख को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि अलगाववादी नेता ने प्रशासन को भरोसा दिलाया था कि उनकी अगुवाई में निकलने वाला जुलूस शांतिपूर्ण रहेगा। कर्फ्यू को सख्ती से लागू करने के लिए शहर में बड़ी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications