गैस पाइपलाइन विस्फोट में मृतकों की संख्या 7 हुई
सैन फ्रांसिस्को, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलीफोर्निया राज्य के सैन ब्रुनो में गैस पाइपलाइन विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। हादसे में नष्ट इमारतों के मलबे से तीन और शव मिलने के बाद इस संख्या में वृद्धि हुई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गुरुवार के हादसे में 30 से ज्यादा मकान नष्ट हो गए थे और कई लोग घायल हो गए थे। इसके अलावा दर्जनों और मकानों को नुकसान पहुंचा था और आग पर शुक्रवार तक भी काबू नहीं पाया जा सका था।
पाइपलाइन में विस्फोट उस समय हुआ जब सैन फ्रांसिस्को के इस उपनगर में लोग रात्रि भोज कर रहे थे। शनिवार रात तक छह लोग लापता थे।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि पैसिफिक गैस एंड इलेक्ट्रिक की इस पाइपलाइन में उस जगह विस्फोट हुआ जहां दो साल पहले सीवर पाइप बदले गए थे। उधर, कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने सीवर परियोजना की शुरूआत और आखिर में पाइपलाइन की पूरी तरह जांच की गई थी।
गुरुवार का विस्फोट इतना भीषण था कि शुरूआत में लोगों ने समझा कि नजदीकी सैन फ्रांसिस्को हवाई अड्डे पर कोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। जबकि विस्फोट के बाद इमारतों के हिलने की वजह से कुछ अन्य ने इसे भूकंप समझा।
समझा जाता है कि यह विस्फोट गैस पाइपलाइन से रिसाव की वजह से हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications