उत्तराखण्ड में बारिश ने 37 वर्षो रिकार्ड तोड़ा
राज्य मौसम विभाग के निदेशक आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि देहरादून जिले में बारिश के पिछले 37 वर्षो का रिकार्ड टूट गया है। उन्होंने बताया कि 8 सितम्बर तक दर्ज रिकार्ड के अनुसार एक जून से 8 सितम्बर के बीच देहरादून में 2525 मिमी बारिश दर्ज की गई है। 37 साल पूर्व 1973 में 1 जून से 30 सितम्बर के बीच 2504 मिमी दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सितम्बर के प्रथम सप्ताह में ही 37 साल का रिकार्ड टूटा है।
शर्मा के अनुसार अगले 24 घंटों में बारिश में कमी आएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मध्यम बारिश होने से राज्य में लोगों को थोड़ी राहत मिलेगी।
वहीं पिछले चार-पांच दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश ने राजधानी देहरादून सहित समूचे उत्तराखण्ड की रफ्तार धीमी कर दी है। बारिश के कारण न सिर्फ जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है, बल्कि राज्य को भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। चार धाम यात्रा पर भी भारी प्रभाव पड़ा है, यात्रा अब भी बाधित है।
राज्य के अलग-अलग इलाकों समेत उत्तरकाशी में भी बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। गंगोत्री और यमुनोत्री राजमार्ग जगह-जगह बंद हो गया है। कई जगह भूस्खलन हुआ है और सड़कें बंद हैं। गंगोत्री मार्ग कमांद से 200 मीटर तक बह गया है। यमुनोत्री मार्ग के भी बाधित होने की खबर है। सुकियारी में 15 मीटर सड़क पानी में बह गई है। इस कारण केदारनाथ और बद्रीनाथ की यात्रा भी प्रभावित हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications