पंजाब सरकार का वरिष्ठ अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
सतर्कता ब्यूरो के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 1995 बैच के पीसीएस अधिकारी और समाज कल्याण विभाग (अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग) के संयुक्त सचिव टी. के. गोयल को घूस लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधी कानून की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राज्य सतर्कता ब्यूरो के निदेशक बी. के. बावा ने बताया, "हमारे दस्ते ने चण्डीगढ़ स्थित कार्यालय में छापा मारकर गोयल को 50,000 रुपये घूस लेते हुए पकड़ा। राज्य में कपूरथला जिले के बेगवाल गांव का रहने वाला जार्ज शुभ रिश्वत दे रहा था।"
उन्होंने बताया, "शुभ बाल्मिकी जाति से है। उसने अपनी जाति के आधार पर बेगवाल गांव में राजस्व अधिकारी (नंबरदार) पद के लिए कपूरथला जिले के उपायुक्त के पास आवेदन किया था। लेकिन ईसाई धर्म कबूल करने के बाद उसके बाल्मिकी जाति के दावे को खारिज कर दिया गया।"
बावा ने कहा कि शुभ ने उपायुक्त के फैसले के खिलाफ अनुसूचित जाति आयोग, पंजाब के पास शिकायत दर्ज कराई थी। आयोग ने इस शिकायत के सत्यापन के लिए राज्य कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष के पास भेज दिया था।"
इस मामले में जांच समिति के प्रभारी गोयल के पास अंतिम रिपोर्ट भेज दी गई।
शुभ ने बताया, "पिछले महीने गोयल ने मुझे दो बार अपने दफ्तर बुलाया और आयोग के पास मेरे पक्ष में रिपोर्ट भेजने के लिए 50,000 रुपये की मांग की। मैंने उनसे कहा कि मैं बेहद गरीब परिवार से हूं, लेकिन वह अपनी मांग पर डटे रहे। बाद में मैंने सतर्कता ब्यूरो से संपर्क किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications