कुरान की प्रति जलाने की धमकी पर संयम बरते मीडिया : चिदम्बरम
चिदम्बरम ने बयान में कहा कि अमेरिकी सरकार ने पादरी के प्रस्तावित कदम की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, "दुनिया भर के धार्मिक नेता भी इस प्रस्तावित कदम की भर्त्सना कर चुके हैं।" उन्होंने कहा कि इस प्रस्तावित कृत्य से यकीनन धार्मिक समूहों में वैर बढ़ेगा।
फ्लोरिडा के गेंसविले के डव वर्ल्ड आउटरीच सेंटर के पादरी टैरी जोन्स ने कहा है कि 9/11 के आतंकवादी हमलों की नौंवी बरसी पर वह कुरान की प्रतियां जलाएंगे।
चिदम्बरम ने कहा, "हम पादरी के कदम की निंदा करते हैं। यह किसी भी ऐसे शख्स के लिए अशोभनीय होगा जो खुद को धार्मिक मानता हो। इससे यकीनन विभिन्न धार्मिक समूहों में कड़वाहट और वैमनस्यता बढ़ेगी।"
चिदम्बरम ने कहा, "विभिन्न वर्गो के लोगों में सद्भाव और शांति बनाए रखने का इच्छुक कोई भी व्यक्ति इस कदम को नजरंदाज नहीं कर सकता।" उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिकी सरकार इसे रोकने के लिए कड़े कदम उठाएगी।
केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, "अमेरिकी प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार करते हुए हम भारतीय मीडिया-प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक- दोनों से अपील करते हैं कि वे इस निंदनीय कृत्य को प्रकाशित या प्रसारित करने से बचें।"
चिदम्बरम ने कहा, "हम अगले कुछ दिनों तक मीडिया से बेहद संयम बरतने और सांप्रदायिक शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में मदद करने की भी अपील करते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications