जहरीली शराब से मौत मामले में 2 और गिरफ्तार
ये मौतें जिले के मऊआइमा कस्बे और आस-पास के मुस्तफाबाद, कजियानाकला व राजापुर गांवों में हुई हैं।
मौतों का सिलसिला मंगलवार को शुरू हुआ था। बुधवार सुबह तक कुल सात लोगों के मरने की खबर आने के बाद उसी दिन रात में दो और लोगों की मौत हो गई।
मऊआइमा थाना प्रभारी डी. पी. तिवारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि इन दो मरने वालों में एक हरिओम नाम का व्यक्ति है, जो जहरीली शराब बेचने में नामजद आरोपी था।
उन्होंने कहा कि हरिओम के बेटे व शराबकांड के मुख्य आरोपी माने जाने वाले नाटे नाम के व्यक्ति को छापेमारी करके गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में आशा नाम की महिला को भी पकड़ा गया है। उसके घर से भी बड़ी मात्रा में कच्ची शराब बरामद हुई है।
इससे पहले इस मामले में गुलाब सिंह और तारा देवी नामक दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस के मुताबिक मऊआइमा कस्बे में नाटे अन्य लोगों के साथ मिलकर शराब की अवैध बिक्री करता था। मौत के शिकार हुए लोगों ने उससे मंगलवार को शराब खरीदी थी। पुलिस ने नाटे के घर पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और उत्तराखण्ड में निर्मित देसी शराब के हजारों पाउच बरामद किए।
इलाहाबाद के उप-पुलिस महानिरीक्षक बी.बी.शर्मा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि इलाके के कुछ और लोग भी गिरफ्तार आरोपियों के साथ जहरीली शराब के कारोबार में शामिल हो सकते हैं। विवेचना जारी है।
उप-जिलाधिकारी (इलाहाबाद) एवं संयुक्त आबकारी आयुक्त घटना की जांच कर रहे हैं।
प्रशासन द्वारा इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चार पुलिसकर्मियों एवं आबकारी निरीक्षक सहित तीन आबकारी कर्मचारियों को निलंबित किया जा चुका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications