सीवीसी की नियुक्ति घोटाले की लीपापोती के लिए: भाजपा
भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने यहां संवाददाताओं को बताया, "संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को बताना चाहिए कि क्या 2जी घोटाले को रफा-दफा करने के लिए थॉमस की नियुक्ति की गई है।"
जावड़ेकर ने कहा, "ऐसा लगता है कि संप्रग ने 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले को रफा-दफा करने के लिए ही जानबूझ कर थॉमस की नियुक्ति की है।"
जावड़ेकर ने कहा कि पिछले महीने थॉमस दूरसंचार विभाग के प्रमुख थे। उस समय दूरसंचार विभाग ने 2जी स्पेक्ट्रम के मुद्दे पर कानूनी राय मांगी थी और कानूनी राय में उसे बताया गया था कि सरकार द्वारा लिए गए नीतिगत निर्णयों को चुनौती देने का अधिकार न तो सीवीसी को है और न नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) को ही।
जावड़ेकर ने कहा, "यह चकित करने वाली बात है कि कानून मंत्रालय ने इस तरह के किसी विवादास्पद मुद्दे पर मात्र तीन दिनों के भीतर कानूनी राय दे दी।"
ज्ञात हो कि भाजपा ने मंगलवार को थॉमस के पदग्रहण समारोह का बहिष्कार किया था। इसके पहले पिछले शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने सीवीसी की नियुक्ति के लिए गठित समिति की बैठक में थामस के खिलाफ अपनी असम्मति दर्ज कराई थी। स्वराज इस समिति की सदस्य हैं।
लेकिन अन्य सदस्यों में, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने थॉमस की उम्मीदवारी का समर्थन किया था और इस तरह थामस की नियुक्ति पर मुहर लगा दी गई थी। बाद में स्वराज ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात की और इस नियुक्ति पर भाजपा की आपत्तियों के बारे में उन्हें अवगत कराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications