पाकिस्तान में ड्रोन हमलों में 10 आतंकवादी ढेर (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार दोनों हमले उत्तरी वजीरिस्तान जिले में किए गए।
डांडे दारपाखेल गांव में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 10.15 बजे एक कच्चे मकान पर पहला हमला हुआ। माना जा रहा है कि वह आतंकवादियों का ठिकाना था।
नाम न बताने की शर्त पर खुफिया विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "रिपोर्ट के अनुसार हमें छह आतंकवादियों के मारे जाने और कई के घायल होने की जानकारी मिली है।"
अधिकारी ने बताया कि मकान हक्कानी नेटवर्क के सदस्य मौलवी अजीजुल्लाह का था और उसे तालिबान के दफ्तर के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
गौरतलब है कि हक्कानी नेटवर्क अफगान लड़ाका सिराजुद्दीन हक्कानी चलाता है और ऐसा माना जाता है कि अफगानिस्तान में कई घातक हमलों के पीछे इसका हाथ रहा है।
दूसरे ड्रोन हमले में अफगानिस्तान सीमा से कुछ किलामीटर की दूरी पर स्थित दत्ता खेल गांव में एक वाहन पर सवार चार लोगों को निशाना बनाया गया।
खुफिया विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया,"इस हमले में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई और एक ने जख्मी हालत में अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन सभी का संबंध हक्कानी नेटवर्क से था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications