नौकरानी कहा शाइनी ने नहीं किया दुष्कर्म (लीड-1)
मुंबई, 8 सितम्बर (आईएएनएस)। अभिनेता शाइनी आहूजा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली उनकी घरेलू नौकरानी ने एक साल से भी लंबा समय गुजर जाने के बाद अब अपने पहले के बयान से पलटते हुए यहां एक अदालत में कहा कि उसके साथ दुष्कर्म की घटना कभी हुई ही नहीं। वैसे चिकित्सा जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।
आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बुधवार को बताया गया कि इस 20 वर्षीय प्रताड़ित महिला ने पिछले सप्ताह सेवरी की एक त्वरित अदालत में एक विशेष न्यायाधीश के सामने यह बयान दिया था। इस अदालत में शाइनी मामले की सुनवाई चल रही है।
उसने यह दावा भी किया है कि कथित तौर पर उसे शाइनी से मिलवाने वाली एक महिला के दबाव के चलते उसने उन पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए थे।
मामले में आए इस बदलाव की पुष्टि करते हुए सरकारी वकील के.वी. दिघे ने कहा है कि अब अदालत ने प्रताड़ित महिला को प्रतिपक्ष की गवाह घोषित कर दिया है लेकिन सुनवाई जारी रहेगी। उन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस संबंध में अधिक जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
शाइनी पर 14 जून, 2009 को अंधेरी वेस्ट स्थित उनके घर में उनकी घरेलू नौकरानी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा था।
उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया थाऔर बंबई उच्च न्यायालय से 50,000 रुपये की जमानत राशि पर जमानत मिलने से पहले उन्हें पुलिस व न्यायिक हिरासत में विभिन्न जेलों में 110 दिन बिताने पड़े थे।
संयोग से जांच और पूछताछ के दौरान शाइनी ने स्वीकार किया था कि उन्होंने नौकरानी की सहमति से उसके साथ यौन संबंध बनाए थे। उन्होंने कथित तौर पर नौकरानी से दुष्कर्म की बात भी स्वीकार की थी।
शाइनी और प्रताड़ित महिला की चिकित्सा जांच और डीएनए जांच से दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी।
इस घटना पर देशभर में व्यापक हंगामा होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग और मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण ने इसमें हस्तक्षेप कर प्रताड़ित महिला को जल्द न्याय दिलवाने के लिए मामले को त्वरित अदालत में ले जाने का निर्देश दिया था। मामले में अगली सुनवाई 15 सितम्बर को होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications