राम मंदिर आंदोलन शुरू करेंगे कल्याण सिंह
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता कल्याण सिंह ने मंगलवार को कहा कि वह अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए जल्द ही आंदोलन शुरू करेंगे। कल्याण सिंह ने यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में अगले सप्ताह अदालत का फैसला आने वाला है।
ज्ञात हो कि 1992 में जब अयोध्या स्थित 16वीं शताब्दी की बाबरी मस्जिद जमींदोज की गई थी, तो उस समय कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। कल्याण सिंह ने कहा, "हिंदू अयोध्या में विवादित स्थल पर अपने वैधानिक अधिकार पर इंकार को स्वीकार करने के मूड में नहीं हैं।"
कल्याण सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "अयोध्या में विवादित स्थल पर एक भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए हम प्रदर्शन करेंगे और एक पूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे।"
कल्याण सिंह ने अपने दावे के पक्ष में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की दो रिपोर्टो का हवाला दिया। उन्होंने कहा, "विवादित स्थल पर प्राचीन राम मंदिर होने के हिंदुओं का दावा साबित करने के लिए एएसआई की रिपोर्ट अपने आप में पर्याप्त सबूत है। उस मंदिर को मुगल बादशाह बाबर के कहने पर गिराया गया था। उसके बाद उसने 16वीं सदी के मध्य में उस मंदिर के मलबे पर एक मस्जिद खड़ा किया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
