गांवों में घर-घर कंडोम बांटने की योजना
नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय जनसंख्या विस्फोट को रोकने के लिए देश के छह लाख गांवों में घर-घर कंडोम सुलभ कराने की योजना तैयार कर रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद के निर्देश पर यह योजना तैयार की जा रही है। आजाद ने जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने की बात को खारिज कर दिया है।
अधिकारी ने कहा, "आजाद देश के छह लाख गांवों में हर घर में कंडोम पहुंचाना चाहते हैं। वह सोचते हैं कि ग्रामीणों को घर बैठे कंडोम प्राप्त हो जाने से जनसंख्या नियंत्रण में मदद मिलेगी। देश की जनसंख्या 2011 तक 1.19 अरब होने की संभावना है।"
2001 की जनगणना के अनुसार देश की आबादी 1.02 अरब है और 2030 तक देश की आबादी चीन की आबादी के बराबर हो जाने का अनुमान है।
अधिकारी ने कहा, "मंत्रालय ने इस संबंध में एक योजना तैयार की है और जल्द ही उसकी घोषणा कर दी जाएगी।"
अधिकारी ने कहा, "कंडोम की जरूरत तब महसूस होती है, जब वाकई में उसकी जरूरत होती है। योजना इसी बात को ध्यान में रख कर तैयार की जा रही है।"
सूत्रों के अनुसार मंत्रालय इस योजना को संचालित करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन से संबद्ध, मान्यता प्राप्त सामाजिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (आशा) की मदद लेने के बारे में गंभीरता से विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications