पाटील लाओस व कम्बोडिया के दौरे पर जाएंगी
नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। भारत-आसियान शिखर सम्मेलन के पूर्व, राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील भारत की पूर्वोन्मुखी नीति को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को लाओस व कम्बोडिया के 10 दिवसीय दौरे पर निकल रही हैं। ये दोनों देश दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
विदेश मंत्रालय ने यहां कहा है कि पाटील गुरुवार को लाओस के लिए रवाना होंगी। वहां उनका पांच दिन का कार्यक्रम है। पाटील की यह पहली लाओस यात्रा होगी और किसी भारतीय राष्ट्रपति की दक्षिण पूर्व एशियाई देश की दूसरी यात्रा।
लाओस की राजधानी वियनतियाने में पाटील, राष्ट्रपति चौमाली सयासोने और प्रधानमंत्री बौसोने बौफावन से बातचीत करेंगी।
पाटील 13 सितंबर को कम्बोडिया के लिए रवाना हो जाएंगी। वह कम्बोडियाई नरेश नोरोदोम सिहामोनी से मुलाकात करेंगी और अंगकोर वाट के प्रसिद्ध मंदिरों के शहर, फनोम पेन्ह और सीम रीप जाएंगी।
कम्बोडिया फिलहाल भारत-आसियान संबंधों पर दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों के संगठन (आसियान) का समन्यवयक है।
पाटील का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आसियान के 10 देशों के साथ शिखर बैठक में तथा 16 देशों के पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने हनोई जाने वाले हैं। यह शिखर सम्मेलन अक्टूबर के अंत में आयोजित हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications