सफदरजंग के डॉक्टर हड़ताल पर, सुरक्षा मांगी
नई दिल्ली, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। सफदरजंग अस्पताल परिसर में कुछ लोगों द्वारा चिकित्साकर्मियों के साथ हाथापाई किए जाने के बाद करीब 1,200 रेजीडेंट डॉक्टरों ने मंगलवार को यहां काम रोक दिया। उन्होंने चिकित्साकर्मियों के लिए सुरक्षा की मांग की।
गौरतलब है कि मंगलवार सुबह एक गर्भवती महिला की मृत्यु के बाद अस्पताल की महिला डॉक्टरों और नर्सो को अस्पताल में अप्रिय स्थितियों का सामना करना पड़ा। महिला को सोमवार रात अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
'सफदरजंग हॉस्पिटल रेजीडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन' के अध्यक्ष चंद्रभान ने आईएएनएस से कहा, "हम आज (मंगलवार) सुबह 9.30 बजे से हड़ताल पर हैं और जब तक हमारी सुरक्षा की मांग पूरी नहीं होती है तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी।"
उन्होंने कहा, "अस्पताल परिसर के अंदर किसी डॉक्टर के साथ इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। महिला को तीन महीने का गर्भ था और वह डेंगू पीड़ित थी। डॉक्टरों ने उसे पूरी चिकित्सा दी। डॉक्टरों द्वारा किए गए इलाज में कोई गलती या कमी नहीं थी।"
उन्होंने बताया कि अस्पताल में अक्सर डाक्टरों की मरीज के रिश्तेदारों से हाथापाई हो जाती है और उनकी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
चंद्रभान ने कहा, "जब हमने चिकित्सा अधीक्षक से इस संबंध में बात की तो उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिए निविदा जारी की गई है लेकिन इस प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लगेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications